बिलासपुर के युवाओं को यूएई में रोजगार का अवसर, इलेक्ट्रीशियन और फिटर पदों के लिए 14 अक्तूबर तक करें पंजीकरण
डेली पब्लिक लाइव न्यूज (बिलासपुर ) 09 अक्तूबर। जिला रोजगार कार्यालय एवं मॉडल कैरियर सेंटर, बिलासपुर के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के इच्छुक एवं पात्र युवाओं को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रोजगार प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध करवाया जा रहा है। यह भर्ती मै. वर्तिव गल्फ एलएलसी, यूएई में इलेक्ट्रीशियन एवं फिटर के पदों के लिए की जाएगी। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी राजेश मेहता ने दी।
उन्होंने बताया कि यह भर्ती हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड, हिमाचल प्रदेश सरकार के उपक्रम के सहयोग से तथा एसीएमई एंटरप्राइजेज, मुंबई के माध्यम से की जा रही है, जो भर्ती एजेंट के रूप में कार्य करेगा। इन पदों के लिए अभ्यर्थी के पास संबंधित ट्रेड में आईटीआई या डिप्लोमा होना अनिवार्य है। फ्रेशर एवं अनुभवी, दोनों प्रकार के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदकों की आयु 20 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है।
चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 1,100 से 1,300 एईडी वेतन प्रदान किया जाएगा तथा ड्यूटी की अवधि 8 घंटे प्रतिदिन होगी। इसके अतिरिक्त निर्धारित नियमों के अनुसार ओवरटाइम का भुगतान भी किया जाएगा। रोजगार की शर्तों एवं अनुबंध के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को भोजन अथवा भोजन भत्ता, आवास, परिवहन, नियोक्ता द्वारा वीजा, चिकित्सा सुविधा, साप्ताहिक अवकाश तथा अन्य लागू सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक वर्ष एक माह का सवेतन अवकाश तथा हवाई टिकट के लिए 2,700 एईडी का प्रावधान भी बताया गया है।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि भर्ती के लिए वैध पासपोर्ट होना आवश्यक है। जिन अभ्यर्थियों के पास वर्तमान में पासपोर्ट नहीं है, वे भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन चयनित होने की स्थिति में उन्हें चयन की तारीख से सात दिनों के भीतर पासपोर्ट बनवाना होगा। वैध पासपोर्ट उपलब्ध न होने पर अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीकरण के लिए https://forms.gle/aqhvbcvqjar3a3fE8 लिंक का उपयोग कर सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर, 2026 निर्धारित की गई है। पंजीकृत एवं पात्र अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार 16 एवं 17 अक्टूबर, 2026 को आयोजित किए जाएंगे। साक्षात्कार स्थल की जानकारी पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित शुल्क के रूप में कुल 35,400 रूपए तथा मेडिकल शुल्क 1,500 रूपए का भुगतान करना होगा। उपलब्ध करवाई गई जानकारी के अनुसार इसमें 30,000 रूपए सेवा शुल्क तथा 5,400 रुपए जीएसटी शामिल हैं। शुल्क के संबंध में भुगतान से पहले संबंधित अधिकृत एजेंसी से लिखित पुष्टि करना उचित रहेगा।
चयनित अभ्यर्थियों का प्रारंभिक अनुबंध न्यूनतम दो वर्ष का होगा। वीजा प्राप्त होने के बाद अभ्यर्थी को सात दिनों के भीतर यूएई के लिए प्रस्थान करना होगा। वीजा अथवा टिकट जारी होने के बाद यात्रा से इन्कार करने या अनुबंध अवधि पूरी होने से पहले नौकरी छोड़ने की स्थिति में लागू नियमों एवं अनुबंध की शर्तों के अनुसार संबंधित खर्च अभ्यर्थी को वहन करना पड़ सकता है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय, बिलासपुर के दूरभाष नंबर 01978-222450 पर संपर्क कर सकते हैं।


