राज्यपाल ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का किया आह्वानज्ञान के साथ कौशल, संवेदनशीलता, नैतिक मूल्य और उत्तरदायित्व की भावना भी आवश्यकः कविंद्र गुप्ता

बाहरा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 577 विद्यार्थियों को प्रदान की गईं उपाधियां

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (सोलन ) 9 अक्तूबर। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने आज सोलन जिले में बाहरा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 577 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि ज्ञान के साथ कौशल, संवेदनशीलता, नैतिक मूल्य और उत्तरदायित्व की भावना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहते हुए नवाचार और नए अवसरों को अपनाने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल शैक्षणिक यात्रा की पूर्णता का अवसर नहीं, बल्कि अवसरों, चुनौतियों और जिम्मेदारियों से भरे एक नए जीवन की शुरुआत है। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धियों में माता-पिता और शिक्षकों के योगदान की सराहना की।
श्री कविंद्र गुप्ता ने सितंबर 2010 में बाहरा एजुकेशनल एंड चैरिटेबल सोसाइटी के अंतर्गत स्थापित बाहरा विश्वविद्यालय की प्रगति की सराहना की। उन्होंने कहा कि 10 स्कूलों, 16 विभागों और 60 से अधिक पाठ्यक्रमों के माध्यम से लगभग 4,000 विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने वाला यह विश्वविद्यालय शिक्षा एवं अनुसंधान के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हुआ है।
तेजी से बदलती तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल क्रांति का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान समय में केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के कल्याण तथा राष्ट्र की प्रगति के लिए करना चाहिए।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा केवल रोजगार प्राप्त करने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले, नवाचार को बढ़ावा देने वाले और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले बनें।
राज्यपाल ने कहा कि व्यावसायिक सफलता तभी सार्थक है, जब उससे समाज और राष्ट्र को भी लाभ मिले। उन्होंने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने, अपने माता-पिता की आकांक्षाओं को पूरा करने, शिक्षकों के विश्वास को सार्थक बनाने तथा देश की प्रगति में योगदान देने का आग्रह किया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल, सफल और सार्थक भविष्य की कामना की।
इससे पूर्व, बाहरा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सरदार गुरविंदर सिंह बाहरा ने राज्यपाल का स्वागत किया। कुलपति प्रो. आर. पी. नांटा ने विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि एवं पूर्व सांसद श्री अविनाश राय खन्ना, सोलन के उपायुक्त श्री मनमोहन शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: