स्मॉल आइडिया, बिग चेंज’ थीम पर आयोजित कांग्रेस में जिले के 762 प्रतिभागियों का पंजीकरण, जिला स्तर पर लगभग 271 बाल वैज्ञानिक ले रहे भाग
डेली पब्लिक लाइव न्यूज (रिकांग पीओ )16 अक्तूबर। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कल्पा में हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद (हिमकॉस्ट) के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग तथा जिला विज्ञान समन्वयक, किन्नौर के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर उपायुक्त किन्नौर सोनाक्षी सिंह तोमर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विभिन्न विद्यालयों से आए बाल वैज्ञानिकों के साथ संवाद किया तथा विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए वैज्ञानिक मॉडलों एवं परियोजनाओं का अवलोकन कर उनकी सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।
इस वर्ष बाल विज्ञान कांग्रेस का विषय ‘स्मॉल आइडिया, बिग चेंज’ अर्थात ‘छोटा विचार, बड़ा बदलाव’ रखा गया है। इस विषय का उद्देश्य विद्यार्थियों को छोटे-छोटे विचारों, वैज्ञानिक प्रयोगों और नवाचार के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करना है। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, उनकी जिज्ञासा को प्रोत्साहित करने तथा दैनिक जीवन एवं स्थानीय परिवेश से जुड़ी समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान खोजने की क्षमता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों एवं परियोजनाओं का अवलोकन किया। उन्होंने बाल वैज्ञानिकों से उनके मॉडलों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता, वैज्ञानिक आधार तथा समाज के लिए उनकी संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने भी अपने प्रोजेक्ट और विचारों को आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया।
उपायुक्त ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और नवाचार की सराहना करते हुए उन्हें जिज्ञासु बने रहने, प्रश्न पूछने तथा प्रयोगों के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने वैज्ञानिक दृष्टिकोण को दैनिक जीवन में अपनाने और अपने आसपास की समस्याओं के समाधान तलाशने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की जिज्ञासा, तार्किक क्षमता और रचनात्मक सोच विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोल सकती है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं।
जिला किन्नौर में बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 के प्रति विद्यार्थियों और शिक्षकों में विशेष उत्साह देखने को मिला है। इस वर्ष जिले में कुल 762 प्रतिभागियों का पंजीकरण किया गया है। कल्पा, पूह एवं निचार शिक्षा खंडों में आयोजित खंड स्तरीय प्रतियोगिताओं के बाद चयनित विद्यार्थियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया गया है। जिला स्तरीय कांग्रेस में लगभग 271 बाल वैज्ञानिक भाग ले रहे हैं।
इस आयोजन में सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ-साथ डीएवी तथा अन्य निजी विद्यालयों के विद्यार्थी भी भाग ले रहे हैं। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को एक मंच पर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा प्रदर्शित करने, अपने विचार साझा करने और एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने का अवसर मिल रहा है।
जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए वैज्ञानिक परियोजना रिपोर्ट, विज्ञान मॉडल, विज्ञान प्रश्नोत्तरी, गणित ओलंपियाड, विज्ञान गतिविधि तथा विज्ञान आधारित लघु नाटिका सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। वैज्ञानिक परियोजना रिपोर्ट के माध्यम से विद्यार्थी स्थानीय समस्याओं, पर्यावरणीय चुनौतियों तथा दैनिक जीवन से जुड़े विषयों का वैज्ञानिक अध्ययन कर समाधान प्रस्तुत कर रहे हैं। विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए कार्यशील एवं उपयोगी मॉडलों का प्रदर्शन किया जा रहा है। वहीं, विज्ञान प्रश्नोत्तरी और गणित ओलंपियाड के माध्यम से विद्यार्थियों के वैज्ञानिक ज्ञान, तर्कशक्ति, गणितीय समझ तथा समस्या समाधान संबंधी कौशल का मूल्यांकन किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त, विज्ञान गतिविधियों एवं विज्ञान आधारित लघु नाटिकाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अवधारणाओं को समझने तथा विज्ञान, पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों को रोचक ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुसंधान की भावना, रचनात्मकता, टीम भावना और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
दो दिवसीय जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का समापन 17 अक्तूबर को होगा। समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं विद्यालयों को सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर उपनिदेशक उच्च शिक्षा कुलदीप सिंह डोगरा, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा ओंकार सिंह पटियाल, राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कल्पा के प्रधानाचार्य एवं आयोजन सचिव सहित विभिन्न विद्यालयों से आए बाल वैज्ञानिक उपस्थित रहे।


