किसानों की आय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने लिए ऐतिहासिक निर्णय: सुनील शर्मा बिट्टू
डेली पब्लिक लाइव न्यूज (हमीरपुर ) 16 अक्तूबर।मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार ने किया ग्रामीण महिलाओं के लिए सिलाई एवं कटिंग के कोर्स का शुभारंभ
जाइका-ओडीए के तहत एचपीसीडीपी चरण-2 ने प्रायोजित की है यह कौशल विकास परियोजना
हमीरपुर 16 अक्तूबर। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने शुक्रवार को आईटीआई हमीरपुर में जाइका के तहत हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना (एचपीसीडीपी) चरण-2 द्वारा ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रायोजित साढे चार माह के टेलरिंग एंड कटिंग के प्रशिक्षण कोर्स का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि जाइका की परियोजना के अलावा एचपीशिवा परियोजना, राजीव गांधी प्राकृतिक खेती, खुशहाल किसान योजना और कई अन्य योजनाओं के माध्यम से भी किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है तथा खेती में टैक्नोलॉजी के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्राकृतिक खेती से तैयार फसलों के लिए अलग से उच्च दाम निर्धारित किए गए हैं। दूध के दाम में भी रिकॉर्ड वृद्धि की गई है।
उन्होंने कहा कि एचपीसीडीपी चरण-2 मुख्य रूप से जहां कृषि विकास, सिंचाई और क्षमता निर्माण पर ध्यान केंद्रित करती है, वहीं यह ग्रामीण परिवेश में आजीविका के वैकल्पिक साधनों को भी सक्रिय रूप से बढ़ावा दे रही है। इसी के तहत ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रायोजित किया जा रहा टेलरिंग एंड कंटिग कोर्स इन महिलाओं को वित्तीय रूप से स्वतंत्र बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। सुनील शर्मा बिट्टू ने प्रशिक्षु महिलाओं से इस कोर्स का भरपूर लाभ उठाने तथा अपने लिए स्थायी स्वरोजगार हासिल करके अपने परिवार की आय बढ़ाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आज के दौर की महिलाएं आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़कर अपने परिवारों को समाज में मजबूत करने का प्रयत्न कर रही हैं।
उन्होंने आईटीआई के विद्यार्थियों से कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के जीवन से सीख लेनी चाहिए जोकि दृढ़ संकल्प, मेहनत और संघर्ष के बल पर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमीरपुर के लिए मेडिकल कालेज के साथ-साथ पहला अलाइड हैल्थ सर्विसेज कालेज, नर्सिंग कालेज, डेंटल कालेज, कैंसर केयर संस्थान, मातृ-शिशु अस्पताल, अत्याधुनिक मशीनें एवं रोबोटिक सर्जरी तथा अन्य आधुनिक सुविधाओं का प्रावधान भी किया है।
इस अवसर पर एचपीसीडीपी चरण-2 के परियोजना निदेशक डॉ. सुनील चौहान, ब्लॉक परियोजना प्रबंधक जीत राम, जापान से आए जाइका के सामुदायिक विकास अधिकारी शोतारो हयासी, आईटीआई के प्रधानाचार्य सुभाष चंद शर्मा और अन्य अधिकारियों ने सुनील शर्मा बिट्टू का स्वागत किया तथा प्रशिक्षण कोर्स की विस्तृत जानकारी दी।
कोर्स के शुभारंभ अवसर पर एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, जाइका के जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. संतोष शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार, वरिष्ठ नेता राजेश आनंद, आरसी डोगरा, शहनशाह, अश्वनी लंबरदार और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।


