आईटीआई मंडी में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित, विद्यार्थियों को बैंकिंग योजनाओं की दी जानकारी

आईटीआई मंडी में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित, विद्यार्थियों को बैंकिंग योजनाओं की दी जानकारी

महिला सशक्तिकरण ऋण योजना और डिजिटल बैंकिंग के प्रति किया जागरूक

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (मंडी )17 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की सौलीखड्ड शाखा द्वारा नाबार्ड के सौजन्य से आईटीआई मंडी में एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शाखा प्रबंधक अनिल धरवाल ने बैंक की विभिन्न बचत एवं ऋण योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान बैंक की नई योजनाओं महिला सशक्तिकरण ऋण योजना, सपनों का संचय योजना तथा स्वयं सहायता समूह ऋण योजना के बारे में बताया गया। उन्होंने इन योजनाओं के लाभ एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों को इनके प्रति जागरूक किया।
शिविर में जन सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की विस्तृत जानकारी भी दी गई। इन योजनाओं के माध्यम से मिलने वाले बीमा लाभों और सामाजिक सुरक्षा के महत्व के बारे में बताया गया।
इसके अतिरिक्त डिजिटल बैंकिंग के लाभ, ऑनलाइन लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी दी गई। बैंक की हिम पैसा ऐप की सुविधाओं एवं उपयोग के बारे में बताते हुए सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में आईटीआई मंडी के लगभग 60 से 65 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें बैंकिंग सेवाओं, बचत, ऋण योजनाओं और डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: