पुलिस थाना कंडाघाट की त्वरित कार्रवाई, मंदिर चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार
डेली पब्लिक लाइव न्यूज (कंडाघाट )19 अक्टूबर । पुलिस थाना कंडाघाट के अंतर्गत श्रीनगर क्षेत्र स्थित शिव मंदिर तथा राजेश्वरी माता मंदिर, कंडाघाट में हुई चोरी की दो घटनाओं का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सुनील कुमार पुत्र नंत राम, निवासी गांव चनालग, डाकघर बांदला, तहसील सदर, जिला बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश), उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 17-10-2026 को कंडाघाट निवासी श्री चैन सिंह ने पुलिस थाना कंडाघाट में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा श्रीनगर क्षेत्र स्थित शिव मंदिर के दानपात्र को तोड़कर उसमें से लगभग ₹18,000 की नकदी तथा राजेश्वरी माता मंदिर, कंडाघाट से लगभग ₹3,000 की नकदी चोरी कर ली गई है। इस संबंध में पुलिस थाना कंडाघाट में अभियोग संख्या 75/26 दिनांक 17.10.2026, धारा 331(4), 305 बी.एन.एस. के तहत मामला पंजीकृत किया गया।
मामले के अन्वेषण के दौरान पुलिस थाना कंडाघाट की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंदिरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहनता से अवलोकन किया। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने आज दिनांक 19-10-2026 को मामले में संलिप्त आरोपी सुनील कुमार को सोलन से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी से मामले के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को आज दिनांक 19-10-2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के दौरान पाया गया कि उसके विरुद्ध जिला बिलासपुर एवं नालागढ़ के विभिन्न पुलिस थानों में चोरी के 6 मामले पंजीकृत हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक चोरी की गई नकदी में से कुछ नकदी बरामद कर ली गई है। शेष चोरी की नकदी की बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।


