नया आधार नामांकन, नाम-पता सुधार और बायोमेट्रिक अपडेट सहित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (मंडी ) 21 अक्तूबर। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) द्वारा संचालित अधिकृत आधार सेवा केंद्र मंडी में नागरिकों को आधार से संबंधित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यह आधार सेवा केंद्र हाल ही में मंडी के सौली खड्ड में स्थापित किया गया है।
केंद्र के ऑपरेशन मैनेजर सुशील कुमार ने आज यहां बताया कि केंद्र में नए आधार नामांकन के साथ-साथ आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि और लिंग में सुधार एवं अपडेट की सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त फिंगरप्रिंट, आइरिस और फोटो अपडेट सहित बायोमेट्रिक संबंधी सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं। नागरिक यहां आधार कार्ड प्रिंट करवाने और डाउनलोड करने में भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्र में हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों से आने वाले नागरिक भी आधार संबंधी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। यूआईडीएआई के निर्धारित नियमों एवं पात्रता के अनुसार पात्र विदेशी निवासियों के लिए भी आधार नामांकन की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि मंडी में आधार सेवा केंद्र की सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को आधार संबंधी कार्यों के लिए शिमला या चंडीगढ़ जाने की आवश्यकता नहीं होगी। वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी नागरिक मंडी स्थित केंद्र में पहुंचकर अपनी जरूरत के अनुसार उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
केंद्र का पता एवं कार्य समय
उन्होंने बताया कि यह आधार सेवा केंद्र होटल पारस के निकट, ग्राउंड फ्लोर, सौली खड्ड, मंडी में स्थित है। केंद्र सप्ताह के सभी सातों दिन, सोमवार से रविवार तक, सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक खुला रहेगा। आधार संबंधी जानकारी एवं सहायता के लिए नागरिक यूआईडीएआई की हेल्पलाइन नंबर 1947 पर भी संपर्क कर सकते हैं।


