जन समस्याओं के समाधान के साथ-साथ आवश्यक अधोसंरचना के विकास पर बल दे रही प्रदेश सरकार- डॉ. शांडिल

जन समस्याओं के समाधान के साथ-साथ आवश्यक अधोसंरचना के विकास पर बल दे रही प्रदेश सरकार- डॉ. शांडिल

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (सोलन ) 26 अक्तूबर।स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मन्त्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार जन समस्याओं के समाधान के साथ-साथ विकास सम्बन्धी आवश्यकताओं को समयबद्ध पूर्ण करने तथा आवश्यक अधोसंरचना के विकास पर बल दे रही है। डॉ. शांडिल आज सोलन स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में जन समस्याओं के निवारण के उपरान्त उपस्थित जन प्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर रहे थे।
डॉ. शांडिल ने कहा कि मुख्यमन्त्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के कुशल मार्गदर्शन में आम जन की समस्याओं के निवारण के लिए राज्य सरकार प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में पहुंच रही है। सभी ज़िलों में समस्या निवारण को सर्वाेच्च प्राथमिकता प्रदान की जा रही है।
उन्होेने कहा कि सोलन ज़िला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में नियमित अन्तराल पर आम जन की शिकायतोे को निर्धारित समयावधि में सुलझाया जा रहा है। ज़िला में अधोसंरचना स्तरोन्यन एंव विकास के लिए समुचित प्रयास किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सोलन ज़िला के कथेड़ में लगभग 200 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन बहुदेशीय आधुनिक अस्पताल प्रदेश्वासियों एवं पर्यटकों को सामान्य एवं आपात स्थितियों में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाएगा। उन्होंने कहा कि कण्डाघाट उपमण्डल के टिक्करी गंाव में 200 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से निर्मित किए जा रहे दिव्यांगजन उत्कृष्टता केन्द्र में लगभग 300 दिव्यांग छात्रों को एक ही स्थान पर गुणवाायुक्त शिक्षा तथा विशेष कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। संस्थान में 500 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयत्र भी स्थापित होगा।
डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर सोलन शहर में पेयजल समस्या की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों को समस्या के दीर्घकालिक हल के निर्देश दिए। उन्होंने सोलन विधानसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन विभिन्न विकास योजनाओं के कार्य की समीक्षा भी की।
उन्होंने उपस्थित जन प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि विकासपरक योजनाओं के कार्य का नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित बनाएं।
उन्होंने तदोपरान्त सोलन शहर में एक व्यापारिक प्रतिष्ठान का शुभारम्भ भी किया।
प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के उपाध्यक्ष डॉ. कर्नल संजय शांडिल, हिमाचल प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा, खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता आपूर्ति निदेशक मण्डल के सदस्य जतिन साहनी, खण्ड कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष अमित ठाकुर, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष पुनीत शर्मा, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोलन शिव कुमार, विश्वकर्मी समाज कल्याण बोर्ड के सदस्य मदन हिमाचली, विभिन्न जन प्रतिनिधि, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, उपमंडलाधिकारी सोलन नीरजा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: