मतलाहड़ में ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित, कृषि मंत्री ने सुनी जनसमस्याएं
डेली पब्लिक लाइव न्यूज (ज्वाली/ कांगड़ा ) 27 अक्तूबर। ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास और लोगों को सड़क, बिजली, पेयजल एवं स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। सरकार इन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके। यह बात कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने आज ग्राम पंचायत मतलाहड़ में ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कही।
कृषि मंत्री ने कहा कि सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों की जीवनरेखा हैं। बेहतर सड़क संपर्क से लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजार तक पहुंचने में सुविधा मिलती है। इसी प्रकार निर्बाध बिजली आपूर्ति और पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता ग्रामीण परिवारों की मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़ी है। उन्होंने बताया कि एक समय था जब मतलाहड़ के लोगों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ता था, लेकिन आज विभिन्न ट्यूबवेलों के माध्यम से क्षेत्र में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो रहा है। यह बदलाव क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में सभी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ज्वाली में छह विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। लोगों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में न जाना पड़े।
प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों तक प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना, उनकी समस्याओं को सुनना तथा सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने लोगों से पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। साथ ही, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध करवाएं और पात्र लाभार्थियों को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने में मार्गदर्शन प्रदान करें।
कार्यक्रम में एसडीएम नरेंद्र जरियाल, खंड विकास अधिकारी मनोज शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चैन सिंह गुलेरिया, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता विशाल पत्रवाल, एसडीओ पंचायती राज अमन रिहालिया, एसडीओ अंकित चौधरी, जल शक्ति विभाग के जेई निर्मल, प्रधान मतलाहड़ अश्विनी चौधरी, प्रधान नरगाला शिव धीमान, प्रधान भलदून कुलदीप, बीडीसी सदस्य सचिन व सुमना देवी तथा पूर्व बीडीसी सदस्य सुरेंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


