प्रदेश के 51 हजार श्रमिकों पर 115 करोड़ रुपये की राशि व्यय – अनिरुद्ध सिंह
डेली पब्लिक लाइव न्यूज (शिमला ) 5 नवंबर।ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार के अब तक के कार्यकाल के दौरान 51 हजार श्रमिकों पर 115 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा चुकी है जिसमे कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के 1047 पंजीकृत कामगार शामिल हैं।
अनिरुद्ध सिंह आज ग्राम पंचायत चमयाना के सामुदायिक भवन में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार बोर्ड शिमला क्षेत्र द्वारा पंजीकृत कामगारों के लिए आयोजित एक दिवसीय शिविर में मुख्यातिथि के रूप में शामिल होने के बाद संबोधित करते हुए जानकारी दे रहे थे। इस दौरान हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि कामगार बोर्ड द्वारा श्रमिकों के कल्याण के लिए किये जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के सभी पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वह अपने-अपने क्षेत्र के गरीब पारिवारिक सदस्यों को कामगार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण करवाएं ताकि उन्हें भी बोर्ड की योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र का विकास सर्वोपरि है इसलिए इस विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 9 सड़कों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधीन लाया गया है ताकि परे क्षेत्र का विकास सुनिश्चित किया जा सके।
शिक्षा, स्वास्थ्य, विवाह एवं पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं की दी जानकारी
बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने श्रमिकों को शिक्षा सहायता, चिकित्सा सहायता, मातृत्व एवं पितृत्व लाभ, विवाह सहायता, पेंशन तथा अन्य वित्तीय सहायता संबंधी योजनाओं के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि बोर्ड का मुख्य उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है।
कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के 1,047 श्रमिक बोर्ड में पंजीकृत, अब तक 29,76,600 की सहायता वितरित – नरदेव कंवर
नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में अब तक बोर्ड के कुल 1,047 श्रमिक पंजीकृत हैं। इनमें से 106 श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा के लिए कुल 27,72,600 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। वहीं, श्रमिकों के बच्चों की शादी के लिए 2,04,000 रुपये की सहायता राशि दी गई है। इस प्रकार बोर्ड द्वारा अब तक कुल 29,76,600 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार बोर्ड कर्मचारियों को दीपावली पर मिलेगा 10,000 रुपये का बोनस
नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के कर्मचारियों को दीपावली के शुभ अवसर पर 10,000 रुपये का बोनस प्रदान किया जाएगा। यह निर्णय बोर्ड के कर्मचारियों के योगदान को सम्मान देने तथा उनका उत्साहवर्धन करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
महिलाओं को वितरित किये इंडक्शन चूल्हे
शिविर के दौरान मुख्यातिथि ने शिमला वृत्त की 9 महिला लाभार्थियों को इंडक्शन चूल्हे भी वितरित किये। इसके अतिरिक्त, शिविर में उपस्थित लाभार्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किये।
यह भी रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश ठाकुर, नगर निगम शिमला पार्षद नरेंद्र ठाकुर, विनय शर्मा तथा विशाखा मोदी, पूर्व मण्डल कांग्रेस अध्यक्ष राम किशन शाडिल, ग्राम पंचायत चमयाना की प्रधान लीला देवी, उप प्रधान रतन चंद ठाकुर, पूर्व प्रधान चियोग दिनेश जगटा, श्रम कल्याण अधिकारी शिमला श्रेय शर्मा, कामगार बोर्ड के समस्त प्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी, आसपास की पंचायतों के पंचायत प्रधान व उप प्रधान तथा बड़ी संख्या में कामगार एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।


