संवैधानिक मूल्यों को अपनाने का दिया संदेश, आर्यभट्ट गणित चैलेंज-2026 के तहत विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (कंडाघाट ) 26 नवंबर।दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल कंडाघाट में बुधवार को संविधान दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। स्कूल प्रधानाचार्या रूपाली साहा की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से भारतीय संविधान के महत्व और उसके मूल्यों को समझा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों वीरेन ने संविधान दिवस पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया, जबकि अन्वी ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। सात्विका ने उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई। इस अवसर पर स्कूल अध्यापिका चंद्रकांता ने भारतीय संविधान के निर्माण, उसकी विशेषताओं और नागरिकों के मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

संविधान दिवस के कार्यक्रम के साथ ही स्कूल में आर्यभट्ट गणित चैलेंज-2026 के अंतर्गत गणित गतिविधि का भी आयोजन किया गया। इसमें कक्षा आठवीं और नौवीं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गतिविधि का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की गणितीय समझ, तार्किक क्षमता, ज्ञान और विषय के प्रति रुचि का आकलन करना था।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को एक ओर भारतीय संविधान के प्रति जागरूक किया गया, वहीं दूसरी ओर गणित जैसे महत्वपूर्ण विषय में उनकी तार्किक एवं बौद्धिक क्षमता को प्रोत्साहित किया गया।

इस मौके पर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी.आर. गुप्ता तथा समिति सदस्य प्रमोद कुमार और मुकेश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान केवल देश का सर्वोच्च कानून ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व जैसे मूल्यों का आधार भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।