बिलासपुर में वर्तमान सरकार के 2 वर्षों के कार्यकाल में पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं पर 500 करोड़ रुपये किए जा रहे हैं व्यय—राजेशधर्मानी
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर )
7 दिसंबर। प्रदेश सरकार में नगर नियोजक, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने बताया कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने मुख्य मंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में बीते दो वर्षों के दौरान जिला बिलासपुर में जल शक्ति विभाग के माध्यम से पेयजल और सिंचाई योजनाओं पर लगभग 500 करोड़ रुपये व्यय किए हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जल आपूर्ति, सिंचाई और स्वच्छता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

जलशक्तिविभागजल जीवन मिशन के तहत 37 योजनाएं स्वीकृत
मंत्री धर्माणी ने बताया कि जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत जिले में कुल 37 पेयजल योजनाएं स्वीकृत की गई थीं। इनमें से 256 करोड़ से अधिक की लागत से 15 योजनाएं सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुकी हैं। इन योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों के लाखों निवासियों को शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध हुई है।
नाबार्ड की सहायता से 35 करोड़ की योजनाएं पूर्ण
नाबार्ड के तहत जिले में 1 पेयजल योजना और 10 सिंचाई योजनाएं पूरी की गई हैं, जिन पर लगभग 35 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इन योजनाओं ने किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं प्रदान कीं, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि हुई है।
नाबार्ड के तहत नई सिंचाई योजनाएं
वर्तमान सरकार के कार्यकाल में नाबार्ड की सहायता से 8 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 3 नई सिंचाई योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों को अधिक पानी उपलब्ध कराना और सिंचाई ढांचे को मजबूत बनाना है।
ADB की सहायता से 68 करोड़ की योजनाएं
एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) की सहायता से जिले में 6 पेयजल योजनाओं का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। इन पर लगभग 68 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इन योजनाओं से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जल आपूर्ति में सुधार होगा।
बिलासपुर टाउन के लिए 93.30 करोड़ की सीवरेज योजना
बिलासपुर टाउन के लिए 93.30 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज योजना स्वीकृत की गई है। इस परियोजना की टेंडरिंग प्रक्रिया पूर्ण होने की कगार पर है। यह योजना शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता और पर्यावरणीय स्थिति को बेहतर बनाने के साथ स्वास्थ्य और स्वच्छता मानकों में सुधार करेगी।

एचपी शिवा परियोजना: 32 करोड़ की सिंचाई योजनाएं
मंत्री ने बताया कि एचपी शिवा परियोजना के अंतर्गत सदर, घुमारवीं, झंडूत्ता और स्वारघाट में सिंचाई योजनाओं पर लगभग 32 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इन योजनाओं से किसानों को सिंचाई सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, जिससे कृषि क्षेत्र को मजबूती मिल रही है।
बाक्स
राजेश धर्माणी ने कहा कि पिछले दो वर्षों में बिलासपुर जिले में जल आपूर्ति, सिंचाई और सीवरेज से जुड़े बुनियादी ढांचे के विकास में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। मंत्री धर्माणी ने बताया कि नई स्वीकृत योजनाओं पर तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है, जो जिले की जल और सिंचाई की बढ़ती मांग को पूरा करने में सहायक होंगी।

इन योजनाओं से न केवल कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाया जाएगा, बल्कि स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे जिले के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। प्रदेश सरकार की यह पहल बिलासपुर को एक सशक्त और विकसित जिले के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है।