मंडी में डॉ.(कर्नल) धनी राम शांडिल करेंगे ध्वजारोहण

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (मंडी ) 24 जनवरी।मंडी में आयोजित होने वाले 76वें जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय और अधिकारिता एवं सैनिक कल्याण मंत्री डॉ.(कर्नल) धनी राम शांडिल मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम का आयोजन सेरी मंच मंडी पर होगा। इस अवसर पर भव्य मार्चपास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।

उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि 26 जनवरी को स्वास्थ्य मंत्री द्वारा ठीक प्रातः 11 बजे ध्वजारोहण करने के साथ ही जिला स्तरीय कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। ध्वजारोहण के उपरांत मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे और भव्य मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। इससे पहले मुख्य अतिथि शहीद स्मारक पर वीर जवानों को श्रद्धांजलि देंगे तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। उन्होंने बताया कि परेड में पुलिस, होमगार्ड और डिग्री कॉलेज मंडी और जिला मुख्यालय के विभिन्न स्कूल के बच्चों द्वारा मार्च पास्ट किया जाएगा।
केन्द्रीय विद्यालय मंडी की छात्राएं करेंगी कलात्मक योगासन
गणतंत्र दिवस पर केंद्रीय विद्यालय मंडी की छात्राओं द्वारा देशभक्ति के भाव से भरपूर आनंददात्मक और कलात्मक योगासन प्रस्तुत किए जाएंगे। छात्राओं द्वारा योगासन से शक्ति से शरीर, मन बुद्धि व आध्यात्मिक सीमाओं की संभावनाओं को बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।
विविधतापूर्ण होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
उपायुक्त ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर विविधतापूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रम में जहां सरस्वती विद्या मन्दिर और इंडस ग्लोबल स्कूल जहां देशभक्ति से ओतप्रोत गीत प्रस्तुत करेंगे वहीं रावमापा मंडी (छात्र) के विद्यार्थी के पारंपरिक वाद्य यंत्रों ढोल, नगाड़ा, करनाल, नर्सिंगा, घुंघरू, खंजरी, झांझ और डोरू के साथ जुगलबंदी करेंगे। भाषा एवं संस्कृति विभाग मंडी द्वारा प्रायोजित अमर युवक मंडल खुनागी बगसैड का दल और रावमापा मंडी की छात्राएं नाटी प्रस्तुत करेंगी।
मंडी को नशा मुक्त बनाने का दिया जाएगा संदेश
उपायुक्त ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर मंडी को नशा मुक्त बनाने का संदेश देने के लिए कार्यक्रम में नर्सिंग स्कूल मंडी की छात्राओं द्वारा नाटक प्रस्तुत किया जाएगा। नाटक के माध्यम से बताया जाएगा कि समाज, शिक्षक और अभिभावक किस तरह मंडी को नशा मुक्त बना सकते हैं और बच्चों को नशे से दूर रख सकते हैं।
आकर्षक मार्च पास्ट होगा समारोह का मुख्य आकर्षण
गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाला मार्च पास्ट समारोह का मुख्य आकर्षण होगा। परेड में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी की टुकड़ियां शामिल रहेंगी। मार्च पास्ट की तैयारियां पड्डल मैदान में की जा रही हैं।

