नगर पंचायत कंडाघाट में स्वच्छ शहर समृद्ध शहर अभियान के अंतर्गत निकाली गई जागरूकता रैली

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कंडाघाट )
1 मार्च। नगर पँचायत कंडाघाट द्वारा शनिवार को ‘स्वच्छ शहर-समृद्ध शहर’ अभियान के अंतर्गत स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस जागरूकता रैली में कंडाघाट के सरकारी व निजी स्कूलों सहित डिग्री कॉलेज कंडाघाट व महिला बहुतकनीकी संस्थान के करीब 400 बच्चों ने भाग लिया। इस जागरूकता रैली को नगर पंचायत कंडाघाट की अध्यक्षा गीता देवी द्वारा सिरी नगर स्थित खेल मैदान से हरी झंडी दिखा कर शुरू किया गया।

यह रैली गुग्गा माड़ी, मेन बाजार, रेस्ट हाउस होते हुए नई धर्मशाला कंडाघाट तक निकाली गई। रैली के दौरान बच्चों ने स्वच्छता के प्रति जागरुकता बढ़ाने के लिए नारे लगाए और नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। वही नगर पंचायत कंडाघाट द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता व नारा लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया था। इन प्रतियोगिता में पहले, दूसरे व तीसरे स्थानों पर रहने वाले सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर भी सम्मानित किया गया

नगर पंचायत कंडाघाट के कार्यकारी सचिव अभिनव शर्मा ने बताया कि यह अभियान ‘मेरा कचरा मेरी जिम्मेदारी’ थीम के तहत चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य नागरिकों को कचरा प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति जागरुक करना है।
उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता में हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है । उन्होंने बताया कि नगर पंचायत कंडाघाट के वार्डो में स्वच्छ शहर समृद्ध शहर अभियान के अंतर्गत स्वच्छता एवं समाधान शिवरों का भी आयोजन किया जा रहा है।
इस दौरान नगर पंचायत कंडाघाट के उपाध्यक्ष मनीष सूद, नगर पंचायत कंडाघाट के कार्यकारी सचिव अभिनव शर्मा , पार्षद सहित सफाई कर्मचारी व रैली में भाग लेने वाले स्कूली व कालेज के बच्चों के अध्यापक उपस्थित रहे।


