प्रांजल के सिर पर मिस फेयरवेल और जपजी सिंह के सिर पर मिस्टर फेयरवेल का ताज सजा
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कंडाघाट )
19 मार्च। राजकीय महाविद्यालय कंडाघाट में बुधवार को अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्यातिथि राजकीय महाविद्यालय कंडाघाट के प्रिंसिपल डॉ. मदनलाल मनकोटिया ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व में महाविद्यालय छात्र अभिभावक संघ में सलाहकार रहे विशाल गुप्ता मौजूद रहे।

इस दिन को यादगार बनाने के लिए निकिता, नियति,हर्षिता, मेघा के गीतों ने तथा पलक, वर्तिका और दीपाली, वर्तिका,तनु और साथियों के नृत्य ने सभी का भरपूर मनोरंजन किया।
प्रांजल के सिर पर मिस फेयरवेल और जपजी सिंह के सिर पर मिस्टर फेयरवेल का ताज सजा। अमृता शर्मा मिस रनर अप और मोहित मिस्टर रनर अप रहे।
मुख्यातिथि ने विजेताओं को बधाई दी और अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभ कामनाएं प्रेषित की। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि चुनौतीपूर्ण समय में आप सभी मेहनत, ईमानदारी और आत्म विश्वास से अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का प्रयास करें। कार्यक्रम के आयोजकों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी परंपरा को कायम रखते हुए मिल जुल कर कार्य करने को प्रेरित किया। उन्होंने कार्यक्रम का हिस्सा बनने के लिए विशिष्ट अतिथि विशाल गुप्ता का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सभी शिक्षक तथा विद्यार्थी मौजूद रहे।

