करसोग उपमंडल की शलाग पंचायत में नशा निवारण जागरूकता कैंप आयोजित
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (मंडी)
23 मार्च। जिला के करसोग उपमंडल की ग्राम पंचायत शलाग में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से नशा निवारण जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तहसील कल्याण अधिकारी, करसोग भोपाल शर्मा ने उपस्थित लोगों को नशीले पदार्थों के बढ़ते चलन के प्रति जागरूक किया। उन्होंने चिट्ठे (हेरोइन) और अन्य नशीले पदार्थों के बढ़ते खतरे से लोगों को सचेत करते हुए लोगों से नशे के प्रति सतर्क रहने की अपील की।

उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार और समाज को भी बुरी तरह प्रभावित करता है। इसे रोकने के लिए युवा पीढ़ी को सही दिशा देना, परिवारों को जागरूक बनाना और समाज को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए आगे आना होगा।
उन्होंने चिट्ठे और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी, नशे से बचाव और उपचार के उपायों पर चर्चा, समाज और परिवार की सामूहिक जिम्मेदारी पर बल दिया और नशे के खात्मे के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया और नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की भी जिम्मेदारी ली।

