किसानों, बागवानों और पशुपालकों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करना सरकार की प्राथमिकता- किशोरी लाल
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (पालमपुर )
26 अप्रैल ।
विधायक बैजनाथ किशोरी लाल ने कहा कि किसानों, बागवानों और पशुपालकों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पशुपालकों को मजबूत करने के लिए पशुपालन विभाग गंभीरता से कार्य कर रहा है।
यह बात आज विधायक ने आईवीएफ प्रयोगशाला पालमपुर के सभागार में पशुपालन विभाग द्वारा विश्व पशु चिकित्सा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कही।
उन्होंने पशु विभाग के अधिकारियों को विश्व पशु चिकित्सा दिवस की बधाई देते हुए कहा कि इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य पशु चिकित्सकों के योगदान को पहचानना और पशु स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए जागरूकता पैदा करना है. यह दिन हमें पशु स्वास्थ्य और कल्याण के महत्व को याद दिलाता है।
उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला के ढ़गवार में अढाई सौ करोड़ रुपए की लागत से दूध प्रसंस्करण केंद्र स्थापित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन डेढ़ लाख लीटर दूध प्रसंस्करण की सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया है और प्रदेश सरकार ने बजट में न्यूनतम समर्थन मूल्य को 45 से बढ़ाकर 51 तथा भैंस के दूध को 55 से बढ़ाकर 61 रूपये प्रति लीटर करने की घोषणा की है।
इससे पहले विधायक ने पशुपालन विभाग से सेवानिवृत हुए अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
विश्व पशु चिकित्सा दिवस की इस वर्ष की थीम “पशु स्वास्थ्य के लिए टीम की आवश्यकता” पर डॉ. शालीमनी और डाॅ. निर्देशिका ने विचार प्रस्तुत किए।
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ.मोहिंदर शामा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया ।
कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बैजनाथ विरेन्द्र जम्वाल, सहायक निदेशक डॉ. वीरेंदर पटियाल, वरिष्ठ वेटरनरी अधिकारी डॉ संजय अवस्थी, डॉ सुषमा राणा, डाॅ. राजेश राणा सहित पशुपालन विभाग के अधिकारी और पशुपालन विभाग से सेवानिवृत हुए अधिकारी भी उपस्थित रहे।

