आपदा प्रबंधन के ‘समर्थ कार्यक्रम’ के अंतर्गत सामाजिक संस्थाओं की भूमिका पर बैठक आयोजित
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर ) 09 अक्तूबर। जिला मुख्यालय बिलासपुर में आज आपदा प्रबंधन ‘समर्थ-2025 कार्यक्रम’ के अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट इंटर एजेंसी ग्रुप (डीआईएजी) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने की। बैठक में आपदा की स्थिति में सामाजिक एवं स्वैच्छिक संस्थाओं की भूमिका पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रधान एवं प्रतिनिधि सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बोलते हुए अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि ‘समर्थ कार्यक्रम’ का मुख्य उद्देश्य आपदा के समय प्रशासन, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी और समयबद्ध ढंग से संचालित किया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी उपमंडलों में इंटर एजेंसी ग्रुप गठित किए जाएंगे और प्रशिक्षित स्वयंसेवक (वालंटियर्स) तैयार किए जाएंगे। इन स्वयंसेवकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वह आपदा की स्थिति में प्रशासन के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा सकें। इसके अतिरिक्त 14 अक्तूबर को जिला की सभी पंचायतों को क्विक रिस्पॉन्स किट वितरित की जाएंगी। इस किट पर लगभग 50 हजार रुपये व्यय होंगे, जिससे आपदा के समय प्रारंभिक राहत कार्यों को शीघ्र आरंभ करने में सहायता मिलेगी।
अतिरिक्त उपायुक्त ने सामाजिक संस्थाओं से आग्रह करते हुए कहा कि वह समुदाय स्तर पर स्वयंसेवकों की सूची इंटर एजेंसी ग्रुप के माध्यम से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को उपलब्ध करवाएं, ताकि उनकी रुचि एवं योग्यता के अनुसार उन्हें आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण दिया जा सके। पंचायत स्तर पर त्वरित कार्य बल (क्यूआरटी) के गठन की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा, जिससे आपदा के दौरान जन एवं धन की हानि को न्यूनतम किया जा सकेगा। उन्होंने सभी संस्थाओं से अपील की है कि वह समर्थ कार्यक्रम के अंतर्गत सक्रिय भागीदारी निभाते हुए समुदाय को आपदा के प्रति जागरूक करें और सुरक्षित समाज निर्माण में योगदान दें।
बैठक के दौरान अखण्ड गायत्री परिवार की ओर से आर.के. टंडन ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 21 सौ रुपये का अनुदान अतिरिक्त उपायुक्त के माध्यम से प्रदान किया।
बैठक में डिस्ट्रिक्ट इंटर एजेंसी ग्रुप के कन्वीनर प्रो. प्यारे लाल जनेऊ, रेडक्रॉस सचिव अमित कुमार, डी.डी.एम.ए. के ट्रेनिंग एंड कैपेसिटी कोऑर्डिनेटर उदय शर्मा, प्रेम लाल शर्मा, कुलवंत (अखण्ड गायत्री परिवार), रुचिका एवं नीलम (एकल नारी शक्ति संगठन), जगदीश दिनेश (अध्यक्ष), नरोत्तम धीमान, सुमन कुमार, राधे श्याम (पेंशनर्स एसोसिएशन, बिलासपुर), सुरेश नड्डा (वरिष्ठ नागरिक सभा, बिलासपुर), प्रकाश बंसल (मानव सेवा ट्रस्ट), मनसा राम (ज्ञान-विज्ञान समिति) तथा राजेंद्र (अपराजिता संगठन) सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

