प्रदेश सरकार शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ एवं उन्नत बनाने के लिए प्रतिबद्ध : किशोरी लाल

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कृष्ण नगर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बैजनाथ ) 22 दिसंबर ।
प्रदेश सरकार शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ एवं उन्नत बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। यह बात विधायक बैजनाथ किशोरी लाल ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कृष्ण नगर में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है और इसी उद्देश्य से विद्यालयों में आधारभूत ढाँचे का विस्तार, तकनीकी सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण तथा शिक्षण पद्धतियों के आधुनिकीकरण पर विशेष बल दिया जा रहा है।

उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के अधिकांश विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाओं की स्थापना, कंप्यूटर लैबों का उन्नयन, डिजिटल शिक्षण सामग्री का विस्तार, विद्यालय भवनों का नवीनीकरण, एवं पेयजल सुविधाओं का सुधार, खेल मैदानों का विकास और छात्रवृत्ति योजनाओं का विस्तार सरकार की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है।

उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा प्रणाली का विकास तभी संभव है जब सरकार और समाज मिलकर कार्य करें।

समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति, नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं सांस्कृतिक विरासत पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक, खेल तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विधायक किशोरी लाल द्वारा सम्मानित किया गया तथा उन्होंने विद्यालय को प्रोत्साहन स्वरूप 11 हजार रुपए राशि देने की घोषणा भी की।

उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों की रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी प्रसारित करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थी क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करने की क्षमता रखते हैं तथा इन्हें आवश्यक सुविधाएँ और मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना सरकार और समाज की जिम्मेदारी है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या नीलम डोगरा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया एवं वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें वर्षभर की शैक्षणिक उपलब्धियों, बोर्ड परीक्षा परिणामों, खेल प्रतियोगिताओं में प्राप्त उपलब्धियों तथा अन्य गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की एनएसएस यूनिट द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 18 हज़ार रुपये का चेक विधायक किशोरी लाल को भेंट किया गया जिसकी उन्होंने सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों में सामाजिक सरोकार एवं सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

इस अवसर पर नवोदय विद्यालय के सेवानिवृत उपायुक्त पंजाब राणा, एस एम सी प्रधान निशा देवी, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र जमवाल एवं कै० जगदीश राणा, पूर्व प्रधान चौबीन राजेश राणा, पूर्व। उप प्रधान चौबीन रणजीत राणा, सह मीडिया प्रभारी अजय गौड़, कार्यकर्ता कै० संसार चंद राणा, कै० ओंकार चंद बख्शी, कै० कुशल धीमान, कै० रमेश परिहार, ज्ञान चंद, बिमला, सुनीता, ममता, विनोद, कृष्ण, त्रिलोक, सुमन राणा, प्रभु राम राणा, भीषम, सुरेंद्र, मदन, कुलदीप, सहित अध्यापकगण, अभिभावक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

error: