मुख्यमंत्री ने हिम एमएसएमई फेस्ट–2026 का शुभारम्भ किया

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (शिमला ) 03 जनवरी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज रिज मैदान, शिमला में हिम एमएसएमई फेस्ट–2026 का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

इसके माध्यम से प्रदेश के उद्यमों को क्षमता निर्माण, वित्तीय सहयोग और बाजार तक पहुंच उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचली उत्पादों को विशिष्ट पहचान देने के लिए सरकार द्वारा ‘हिम’ ब्रांड को प्रोत्साहित किया जा रहा है। यह फेस्ट ‘मेड इन हिमाचल’ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में सहायक होगा। आयोजन में महिला उद्यमिता, स्टार्ट-अप संस्कृति और एक जिला-एक उत्पाद योजना पर विशेष फोकस किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते तीन वर्षों में दुबई, जापान और मुंबई जैसे प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में निवेशकों से संवाद के परिणामस्वरूप 5,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश एमओयू हुए हैं। इसके अलावा 14,000 करोड़ रुपये की 683 औद्योगिक परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिससे लगभग 32,000 लोगों को रोज़गार मिलेगा।
ग्रामीण एमएसएमई को सुदृढ़ करने के लिए केंद्र सरकार को 1,642 करोड़ रुपये के प्रस्ताव भेजे गए हैं, जिनमें से 109 करोड़ 34 लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि हिम एमएसएमई फेस्ट–2026 प्रदेश के एमएसएमई क्षेत्र को बाज़ार, निवेश और आधुनिक तकनीक से जोड़कर नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।


