आयुष मंत्री ने आशापुरी पंचायत में किए 1 करोड़ रुपये के विकासात्मक कार्यों के उद्घाटन व शिलान्यास

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (जयसिंहपुर ) 21 जनवरी । आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने आज जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत आशापुरी में 1 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए। उन्होंने ग्राम पंचायत आशापुरी के महाराजनगर उमर में लगभग 90 लाख रुपये की लागत से बनने वाली जल आपूर्ति योजना के सुधार कार्य की आधारशिला रखी। इसके अतिरिक्त, उन्होंने रोपड़ी में 10 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित जल शक्ति विभाग के शिकायत कक्ष का विधिवत लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया।

महाराज नगर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए आयुष मंत्री ने कहा कि महाराज नगर और उमर गांवों में पेयजल की समस्या का स्थाई समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 90 लाख रुपये की योजना स्वीकृत की गई है, जिससे क्षेत्र के लगभग 850 लोगों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होगा। उन्होंने विभाग को निर्देश दिए कि इस योजना का निर्माण कार्य आगामी एक वर्ष के भीतर हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए ताकि ग्रामीणों को शीघ्र लाभ मिल सके।
रोपड़ी में खुले जल शक्ति विभाग के शिकायत कक्ष की बधाई देते हुए यादविंद्र गोमा ने कहा कि इससे क्षेत्र की पांच पंचायतों के लगभग 9000 लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि पहले स्थानीय निवासियों को जल एवं विद्युत संबंधी शिकायतों के लिए 15 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी, लेकिन अब उनकी समस्याओं का समाधान घर के समीप ही होगा। मंत्री ने विभाग को निर्देश दिए कि कनिष्ठ अभियंता सप्ताह में तीन दिन इस शिकायत कक्ष में उपस्थित रहेंगे ताकि आम जनता की समस्याओं का त्वरित निवारण सुनिश्चित हो सके।
क्षेत्र के विकास का जिक्र करते हुए आयुष मंत्री ने कहा कि उनके कार्यकाल में सड़कों के निर्माण के लिए करोड़ों रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय पुली के निर्माण पर 8 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। जनभावनाओं का सम्मान करते हुए उन्होंने नागबन-नौण सड़क निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार कर आवश्यक धनराशि मंजूर करवाने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने आश्वासत किया कि क्षेत्र में आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी खोलने की घोषणा मुख्यमंत्री के माध्यम से जल्द करवाई जाएगी और जनता की सभी जायज मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर वूल फेडरेशन के निदेशक मंडल सदस्य त्रिलोक चंद, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जसवंत डढ़वाल, विन्ता ठाकुर, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता सरवन ठाकुर, सहायक अभियंता अमन ठाकुर, खंड विकास अधिकारी सिकंदर कुमार, स्थानीय प्रधान अनिता कुमारी, ओपी धीमान, ओम प्रकाश राजेंद्र कुमार सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


