मत्स्य पालन निदेशालय बिलासपुर में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर ) 22 जनवरी । हिमाचल प्रदेश में मत्स्य बीज उत्पादन को सुदृढ़, आधुनिक एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मत्स्य पालन विभाग द्वारा निदेशालय बिलासपुर में “बेस्ट मैनेजमेंट प्रैक्टिसेज एवं टेक्नोलॉजी इन्फ्यूजन के माध्यम से प्रदेश में फिश सीड प्रोडक्शन को बढ़ावा देने” विषय पर राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला की अध्यक्षता निदेशक मत्स्य विवेक चंदेल ने की।

इस अवसर पर प्रदेश के सभी फील्ड अधिकारियों विशेष रूप से राज्य के विभिन्न मत्स्य फार्मों के प्रभारी अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य राज्य में मछली बीज उत्पादन को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं टिकाऊ बनाना रहा, ताकि मत्स्य क्षेत्र को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त किया जा सके।
निदेशक विवेक चंदेल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में मत्स्य बीज उत्पादन को दोगुना करने की दिशा में विभाग ठोस रणनीति के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में कार्प प्रजाति की मछलियों के बीज यानी अंडों का उत्पादन लगभग 30 लाख तथा ट्राउट मछलियों के अंडों का उत्पादन लगभग 20 लाख किया जा रहा है, जिसे आगामी समय में बढ़ाकर लगभग दुगना करने की योजना है। इसी उद्देश्य से अधिकारियों को इस कार्यशाला के माध्यम से प्रशिक्षित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश एवं विदेश में प्रचलित श्रेष्ठ प्रबंधन पद्धतियों को अपनाया जाएगा तथा नवीनतम तकनीकों को प्रदेश के सभी मत्स्य फार्मों में चरणबद्ध रूप से लागू किया जाएगा, जिससे उत्पादन के साथ-साथ गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
निदेशक ने बताया कि मछली बीजों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ब्रूड स्टॉक मैनेजमेंट पर विशेष फोकस किया जाएगा तथा अंडे देने वाली मछलियों के लिए विशेष आहार व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि उच्च गुणवत्ता का उत्पादन संभव हो सके। इसके अतिरिक्त मछली उत्पादन के लिए जल के विभिन्न पैरामीटर की नियमित निगरानी की जाएगी तथा मत्स्य उत्पादन से संबंधित पर्यावरणीय परिस्थितियों को और अधिक अनुकूल एवं उपयुक्त बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
कार्यशाला में उपनिदेशक मत्स्य चंचल, सहायक निदेशक मुख्यालय सोमनाथ, सहायक निदेशक मत्स्य पंकज ठाकुर बिलासपुर, जय सिंह चंबा, संदीप कुमार पोंग डैम, विवेक शर्मा ऊना, नीतू सिंह मंडी, उपनिदेशक अरुण कांत वर्मा कुल्लू तथा सहायक निदेशक मत्स्य राकेश कुमार पालमपुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


