उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मासिक एनकॉर्ड बैठक आयोजित

उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मासिक एनकॉर्ड बैठक आयोजित

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (शिमला ) 25 फरवरी। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय मासिक एनकॉर्ड की बैठक आयोजित की गई।
बैठक का संबोधित करते हुए उपायुक्त शिमला ने कहा कि एनकार्ड समिति नशे की समस्या को सामाजिक और कानूनी दोनों स्तरों पर नियंत्रित करने का प्रयास करती है। यह समिति शिमला को प्रशासन और समाज के सहयोग से नशा-मुक्त बनाने की दिशा में कार्य करती है।

इसके माध्यम से न केवल अपराध को कम करने का प्रयास किया जाता है बल्कि युवाओं को सुरक्षित और स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि समिति जिला में नशे की स्थिति की समीक्षा करती है और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश देती है। एनकार्ड समिति के उद्देश्यों में मुख्य तौर पर नशा तस्करी पर निगरानी रखना, नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई को तेज करना, युवाओं में जागरूकता फैलाना तथा नशा छोड़ने के लिए पुनर्वास और उपचार की सुविधाओं को मजबूत करना शामिल है। स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना भी समिति की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जिला में जब तक पंचायत इकाइयों के चुनाव संपन्न नहीं होते है, तब तक अन्य हितधारकों के साथ बैठकें करके जिला को नशा मुक्त समाज बनाने की दिशा में कार्य करें। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए है कि जिन क्षेत्रों में समितियों का गठन नहीं हुआ है, वहां पर जल्द ही समितियों का गठन किया जाए।
बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस नशे के कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबारियों की संपत्ति के बारे में भी जांच की जा सकती है। इसके बारे में प्रशासन की टीम रिपोर्ट बनाकर प्रेषित करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को नशे की ओवर डोज से मृत्यु होने के मामलों में कमी लाने की दिशा में कार्य करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: