दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, कंडाघाट में होली पर परिसर रंगों से सराबोर

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कंडाघाट ) 4 मार्च। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, कंडाघाट में होली पूर्व दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर को रंगों और उत्साह से सराबोर कर दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

प्रात:कालीन सभा में जेयूआईटी यूनिवर्सिटी वाकनाघाट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

होली कार्यक्रमों का आयोजन विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपाली साहा की अगुवाई में किया गया। फूड विदाउट फायर गतिविधि में छात्रों ने बिना आग जलाए बढ़िया व्यंजन तैयार किए। इस गतिविधि में छात्रों के साथ वरिष्ठ बुजुर्ग दादा-दादी नाना-नानी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द, सुख-समृद्धि और खुशहाली का संदेश देता है।

उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रचनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों ने कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता में भाग लेते हुए होली पर आधारित आकर्षक और रंग-बिरंगे कार्ड तैयार किए।

कक्षा 3 से 5 के विद्यार्थियों ने पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में होली के महत्व और रंगों की उमंग को सुंदर चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों ने रंगोली प्रतियोगिता में मनोहारी और सृजनात्मक रंगोलियाँ बनाकर विद्यालय परिसर को सचमुच रंगों से सराबोर कर दिया।

इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी.आर. गुप्ता, समिति सदस्य प्रमोद कुमार एवं मुकेश कुमार ने उपस्थित होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा सभी को होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।



