नगर निगम हमीरपुर की मतदाता सूचियों के लिए दावे या आपत्तियां 28 तक

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (हमीरपुर) 23 मार्च। नगर निगम हमीरपुर की मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण अधिकारी एवं तहसीलदार नरेश पटियाल ने बताया कि इन मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण के लिए अर्हक तिथि एक अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। यानि एक अप्रैल 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी अपने नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों में नाम दर्ज करवाने के दावे या अपात्र लोगों के नाम हटाने के लिए आपत्तियां 28 मार्च तक पुनरीक्षण अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की जा सकती हैं।

पुनरीक्षण अधिकारी इन दावों या आपत्तियां का निपटारा 2 अप्रैल तक सुनिश्चित करेंगे। अगर कोई मतदाता पुनरीक्षण अधिकारी द्वारा दिए निर्णय से संतुष्ट नहीं होगा तो वह 10 अप्रैल तक निगम के मतदाता पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम हमीरपुर के समक्ष अपील कर सकता है। 17 अप्रैल तक सभी अपीलों का निपटारा कर दिया जाएगा और 20 अप्रैल तक अनुपूरक मतदाता सूचियां अंतिम रूप से प्रकाशित कर दी जाएंगी।


