ऑल इंडिया इंटर-डीडब्ल्यू पी एस (DWPS )जूनियर क्रिकेट प्रीमियर लीग का भव्य आगाज़

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कंडाघाट ) 2 अप्रैल।
दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल कंडाघाट की मेजबानी में ऑल इंडिया इंटर-DWPS जूनियर क्रिकेट प्रीमियर लीग का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता 2 अप्रैल से 5 अप्रैल तक डॉ0 यशवन्त सिंह परमार यूनिवर्सिटी ऑफ हॉल्टीकल्चर एंड फॉरेस्ट्री, नौणी के खेल मैदान में आयोजित की जा रही है।

देशभर के विभिन्न दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूलों से आई 4 जूनियर क्रिकेट टीमें इस प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो० राजेश्वर सिंह चंदेल तथा दिल्ली वर्ल्ड फाउंडेशन के निदेशक (ऑपरेशंस) उमर खुर्शीद उपस्थित रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में फाउंडेशन के ईआरसी निदेशक जयवंत जोएल वॉल्टर ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

मुख्य अतिथि डॉ. राजेश्वर सिंह चंदेल ने अपने संबोधन में विद्यालय को इस प्रतियोगिता की सफल मेजबानी के लिए बधाई दी। उन्होंने कंडाघाट के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र अपने ऊंचाई वाले क्रिकेट मैदानों और विरासत रेल मार्ग (हेरिटेज टॉय ट्रेन) के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने हेतु निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया।

निदेशक (ऑपरेशंस) उमर खुर्शीद ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों को सीखने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और व्यापक दृष्टिकोण अपनाने का अवसर प्रदान करते हैं।

ईआरसी निदेशक जयवंत जोएल वाल्टर ने कहा कि आज की शिक्षा का मूल मंत्र “Fun with Learning” है, जिसमें खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अंतर-विद्यालय प्रतियोगिताएं विभिन्न राज्यों के विद्यार्थियों को एक मंच पर लाकर उन्हें एक-दूसरे से सीखने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अवसर देती हैं।

विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपाली साहा ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रतियोगिता देशभर के प्रतिभाशाली युवा क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान कर रही है, जहां वे खेल भावना और उत्कृष्टता के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी.आर. गुप्ता, सदस्य प्रमोद कुमार एवं मुकेश कुमार ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कंडाघाट में आयोजित यह क्रिकेट महाकुंभ न केवल खेल प्रतिभाओं को निखारने का अवसर प्रदान कर रहा है, बल्कि आपसी सौहार्द, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता का भी सशक्त संदेश दे रहा है।


