एआई व ऑफिस ऑटोमेशन के निःशुल्क प्रशिक्षण के लिए 10 अप्रैल तक करें आवेदन

एआई व ऑफिस ऑटोमेशन के निःशुल्क प्रशिक्षण के लिए 10 अप्रैल तक करें आवेदन

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (नेरचौक/मंडी ) 2 अप्रैल ।

अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एवं ऑफिस ऑटोमेशन के क्षेत्र में निःशुल्क प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 10 अप्रैल 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
तहसील कल्याण अधिकारी बल्ह धर्मशीला ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को कौशल विकास के नए अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (नाइलिट), शिमला के साथ मिलकर दो महत्वपूर्ण प्रशिक्षण पाठ्यक्रम आरंभ करने का निर्णय लिया है।
इन पाठ्यक्रमों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा ऑफिस ऑटोमेशन, अकाउंटिंग एवं पब्लिशिंग असिस्टेंट शामिल हैं। प्रशिक्षण का संचालन अप्रैल 2026 से मंडी स्थित केंद्र में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि तहसील बल्ह के इच्छुक अभ्यर्थी तहसील कल्याण अधिकारी बल्ह अथवा जिला कल्याण अधिकारी मंडी कार्यालय में 10 अप्रैल तक आवेदन जमा कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश के स्थायी निवासी अनुसूचित जाति वर्ग के 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी आवेदन के पात्र हैं। चयन प्रक्रिया 10+2 एवं स्नातक में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट के अनुसार होगी, जिसमें बीपीएल वर्ग को प्राथमिकता दी जाएगी। महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत सीटें आरक्षित रखी गई हैं।
प्रशिक्षण अवधि के दौरान अभ्यर्थियों को 2000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा। न्यूनतम 85 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी। सफल अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करने के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने में भी सहायता दी जाएगी।

error: