डीडब्ल्यूपीएस में बच्चों ने समझा—पहाड़ों में क्यों घट रही है बर्फबारी

डीडब्ल्यूपीएस में बच्चों ने समझा—पहाड़ों में क्यों घट रही है बर्फबारी

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कंडाघाट ) कंडाघाट स्थित दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में पृथ्वी दिवस के अवसर पर विविध जागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपाली साहा ने किया, जिसमें विद्यालय के चारों हाउस—नर्मदा, कावेरी, ब्रह्मपुत्र एवं यमुना—के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने एक प्रभावशाली स्किट प्रस्तुत की, जिसका विषय था—पहाड़ों में घटती बर्फबारी और उसके पीछे प्लास्टिक प्रदूषण की भूमिका। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय के माध्यम से यह संदेश दिया कि मानव द्वारा फैलाया गया प्लास्टिक पर्यावरण संतुलन को गंभीर रूप से प्रभावित कर रहा है।


प्रातःकालीन सभा में कनिष्ठ वर्ग के छात्रों ने संगीतमय प्रस्तुति के माध्यम से बदलते मौसम और उसके दुष्प्रभावों को अत्यंत सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।


विद्यालय परिसर में छोटे बच्चों द्वारा विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण भी किया गया, जिससे प्रकृति के प्रति उनकी संवेदनशीलता झलकी। कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों ने “बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट” गतिविधि के अंतर्गत बेकार पड़ी वस्तुओं का उपयोग कर उनमें पौधे उगाकर अपनी रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रधानाचार्या रूपाली साहा ने विद्यार्थियों के रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण हो रहे तीव्र पर्यावरणीय परिवर्तनों को रोकने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।


इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी. आर. गुप्ता, सदस्य प्रमोद कुमार एवं मुकेश कुमार ने सभी विद्यार्थियों को पृथ्वी दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

error: