उपायुक्त की अध्यक्षता में आगामी मानसून मौसम की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयेाजित
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर ) 20 जून ।उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि आगामी दक्षिण-पश्चिम मानसून को लेकर सभी विभाग समयबद्ध तैयारी करना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि मानसून मौसम के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, सड़क यातायात सहित अन्य तमाम तैयारियों को समयबद्ध पूर्ण कर लें ताकि आमजन को असुविधाओं का सामना न करना पड़े। उपायुक्त आज बचत भवन में आगामी मानसून मौसम को लेकर आयोजित एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को फोरलेन में समलेटू, जबल तथा थापना में भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक प्रबंध समयबद्ध पूर्ण करने को कहा ताकि यात्रियों को असुविधा का सामना न करना पड़े। इस दौरान यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग को पर्याप्त कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित बनाने के भी निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग को जिला के सभी प्रमुख सड़क मार्गों में यातायात अवरूद्ध होने की स्थिति में सभी आवश्यक प्रबंध समयबद्ध पूर्ण करने को भी कहा ताकि आवाजाही में असुविधा न हो।
राहुल कुमार ने सभी एसडीएम को निर्देश दिये कि अपने-अपने उपमंडलों में बरसात के कारण अवरूद्ध सड़क मार्गों की तुरंत बहाली सुनिश्चित बनाने के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से सभी आवश्यक मशीनरी की समयबद्ध तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही उपलब्ध मशीनरी एवं अधिकारियों के संपर्क नंबरों का नवीनतम डाटा भी अपडेट करने को कहा ताकि जरूरत होने की स्थिति में तुरंत आवश्यक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ व्यापक समन्वय स्थापित करने को भी कहा ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में समयबद्ध उचित कदम उठाए जा सकें।
उपायुक्त ने बिजली बोर्ड के अधिकारियों को मानसून मौसम के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित बनाए रखने के लिए विद्युत लाइनों के आसपास सभी आवश्यक कांट छांट समयबद्ध पूर्ण करने तथा जल शक्ति विभाग को पेयजल आपूर्ति बनाए रखने तथा पेयजल टैंकों की समयबद्ध साफ-सफाई सुनिश्चित बनाने के भी निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि सभी उपमंडल मुख्यालयों में कंट्रोल स्थापित किये जाएंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोग संपर्क कर सकें तथा प्रशासन द्वारा तुरंत राहत एवं बचाव कार्यों को शुरू किया जा सके। साथ ही सभी अधिकारियों को मानसून मौसम के दौरान प्रभावित परिवारों एवं लोगों के लिए तुरंत राहत एवं पुनर्वास कार्य सुनिश्चित बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समयबद्ध पूर्ण करने के भी निर्देश दिये।
उपायुक्त ने वन तथा नगर निकाय के अधिकारियों को खतरा बने पेड़ों की समुचित कांट छांट की दिशा में भी जल्द उचित कदम उठाने को कहा ताकि इससे किसी प्रकार का नुकसान न हो। साथ ही आम जनमानस से भी मानसून मौसम को देखते हुए नदी-नालों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने का भी आह्वान किया ताकि किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना घटित न हो।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर, एसडीएम राजदीप सिंह, गौरव चौधरी, अर्शिया शर्मा, सहायक आयुक्त राज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


