सर्वसम्मति से चुनी गई गदराणा पंचायत को मिलेंगे 30 लाख रुपये, विधायक मलेंद्र राजन ने पाँच लाख रुपए व ओपन जिम की घोषणा की
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (इंदौरा ) 20 जून। विधायक मलेंद्र राजन ने शनिवार को सर्वसम्मति से चुनी गई ग्राम पंचायत गदराणा के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पंचायत के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
विधायक ने सर्वसम्मति से निर्वाचित सभी जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए पंचायत के समग्र विकास के लिए मिल-जुलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के अनुसार सर्वसम्मति से चुनी गई पंचायतों को विकास कार्यों के लिए 25 लाख रुपये की विशेष सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने अपनी विधायक निधि से पंचायत को 5 लाख रुपये देने तथा पंचायत में ओपन जिम स्थापित करने की घोषणा भी की।
मलेंद्र राजन ने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र को विकास की दृष्टि से मॉडल विधानसभा क्षेत्र बनाना उनका लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर इस प्रकार की बैठकें आगे भी आयोजित की जाती रहेंगी ताकि विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जा सके। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि शीघ्र ही विधानसभा क्षेत्र में पांच इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी, जिनमें से एक बस का रूट गदराणा पंचायत से होकर गुजरेगा।
बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी। विधायक ने जनप्रतिनिधियों से प्रदेश सरकार की योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि महिला मंडलों को स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए विशेष सहयोग प्रदान किया जाएगा, जिससे ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के बेहतर अवसर मिल सकें।
इस अवसर पर पंचायत गदराणा के प्रधान अनिल कुमार, उपप्रधान योगेश राणा, बीडीसी सदस्य नरेश कुमारी, वार्ड सदस्य सुनीता कुमारी, मीनाक्षी, बलकार सिंह, संजीव कुमार, अनीता कुमारी, पूर्व बीडीसी सदस्य तरसेम सिंह, पूर्व प्रधान राकेश मेहता, पूर्व प्रधान बिंदु देवी, पूर्व प्रधान ओंकार सिंह, बाबूराम तथा अन्य पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा बीडीओ सुदर्शन सिंह, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता आनंद बलोरिया, विद्युत विभाग फतेहपुर के अधिशासी अभियंता रजनीश शर्मा, कृषि विभाग से बोध राज, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक महाजन, सीडीपीओ सुनीत, उद्यान विभाग से एचडीओ निशांत, तहसील कल्याण विभाग से वरुण, पुलिस विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के एसडीओ और जेई भी बैठक में मौजूद रहे।


