13 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी ले सकेंगे भाग, चयनित खिलाड़ियों को मिलेगी निःशुल्क आवास, भोजन एवं आधुनिक प्रशिक्षण की सुविधा
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर )04 जुलाई। युवा सेवा एवं खेल विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र, बिलासपुर में सत्र 2026-27 के लिए खिलाड़ियों के चयन हेतु ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार 16 जुलाई, 2026 को लड़कों के लिए एथलेटिक्स, बॉक्सिंग और जूडो तथा 17 जुलाई, 2026 को लड़कियों के लिए एथलेटिक्स, बॉक्सिंग और जूडो के ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। सभी ट्रायल प्रातः 8ः00 बजे से खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र, लुहणू बिलासपुर में शुरू होंगे।
जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी उतम डोड ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि ट्रायल में 13 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। चयन प्रक्रिया के लिए विभाग ने न्यूनतम शारीरिक मापदंड भी निर्धारित किए हैं। 13 वर्ष आयु वर्ग के लिए न्यूनतम लंबाई 158 सेंटीमीटर तथा वजन 43 किलोग्राम, 14 वर्ष के लिए 164 सेंटीमीटर लंबाई एवं 49 किलोग्राम वजन तथा 15 वर्ष के लिए 165 सेंटीमीटर लंबाई एवं 50 किलोग्राम वजन निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि संबंधित खेलों में राज्य अथवा राष्ट्रीय स्तर की सब-जूनियर, जूनियर एवं स्कूली प्रतियोगिताओं के पदक विजेता खिलाड़ियों को न्यूनतम शारीरिक मापदंड पूरे न होने की स्थिति में भी चयन प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में निःशुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, चिकित्सा सुविधा, बीमा, खेल किट, खेल सामग्री तथा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही खिलाड़ियों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए उन्हें स्थानीय विद्यालय अथवा महाविद्यालय में अपनी नियमित पढ़ाई जारी रखने की सुविधा भी मिलेगी।
युवा सेवा एवं खेल विभाग ने इच्छुक एवं पात्र खिलाड़ियों से शैक्षणिक, आयु प्रमाणपत्र एवं खेल उपलब्धियों के मूल प्रमाणपत्रों का एक सेट सत्यापित फोटोकापी तथा दो पासपोर्ट फोटो सहित निर्धारित तिथियों पर ट्रायल स्थल पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि टायल में भाग लेने पर किसी प्रकार का यात्रा एवं दैनिक भत्ता नहीं मिलेगा।


