सहारा कला जत्था के कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक व लोकगीतों के माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ ( कुल्लू )4 जुलाई ।
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सहारा कला जत्था के कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक व लोकगीतों के माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
आनी विधानसभा क्षेत्र की पोखरी पंचायत के सिन्हवी गांव में कलाकारों ने अभिनय, गीत-संगीत एवं संवादों के माध्यम से अनुसूचित जाति वर्ग के लिए चलाई जा रही छात्रवृत्ति योजनाओं, स्वरोजगार एवं कौशल विकास कार्यक्रमों, आवास योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं,
मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना, अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना, मैट्रिक-पूर्व और मैट्रिक-उत्तर छात्रवृत्ति, राजीव गाँधी ई टेक्सी योजना आदि सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया गया कि सरकार द्वारा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने योजनाओं के प्रति जागरूकता की कमी, सामाजिक चुनौतियों तथा सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में आने वाली समस्याओं को भी प्रभावी एवं मनोरंजक ढंग से प्रस्तुत किया। साथ ही लोगों को संबंधित विभागों से संपर्क कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने एवं पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पोखरी पंचायत की प्रधान बबीता ठाकुर, उपप्रधान आशीष शर्मा, वार्ड पंच राम दत, युवक मंडल प्रधान जगदीश कुमार, महिला मंडल प्रधान पिंकी देवी सहित महिला मंडल व युवामंडल के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


