कंडाघाट में एसआईयू की बड़ी कार्रवाई, होटल से 7.03 ग्राम हे’रोइन बरामद, दो गिरफ्ता’र
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सोलन )0 6जुलाई । पुलिस थाना कंडाघाट के अंतर्गत जिला सोलन की स्पेशल इंवेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) ने गुप्त सूचना के आधार पर बीते बुधवार को वाकनाघाट स्थित एक होटल में दबिश देकर बड़ी सफलता हासिल की। तलाशी के दौरान होटल के कमरा नंबर 501 से दो संदिग्ध व्यक्तियों के कब्जे से 7.03 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से हिरासत में ले लिया। उनकी पहचान 39 वर्षीय ललित गरेक (पुत्र करतार सिंह, गांव पमलाई, डाकघर थानाधार, तहसील कुमारसैन, जिला शिमला) और 46 वर्षीय संदीप वर्मा (पुत्र स्वर्गीय देवेंद्र वर्मा, गांव शथला, डाकघर बीरगढ़, तहसील कुमारसैन, जिला शिमला) के रूप में हुई है। दोनों मूलतः शिमला जिले के रहने वाले हैं।
इस मामले में पुलिस थाना कंडाघाट में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को शुक्रवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां उनकी पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है ताकि मादक पदार्थ तस्करी के किसी बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सके।
एसआईयू टीम आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है और मामले में आगामी अन्वेषण जारी है। पुलिस का कहना है कि इस बरामदगी से इलाके में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और मजबूती मिलेगी।


