उपायुक्त ने भारी वर्षा के दृष्टिगत दिए अधिकारियों को निर्देश

उपायुक्त ने भारी वर्षा के दृष्टिगत दिए अधिकारियों को निर्देश

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सोलन ) 10 जुलाई। उपायुक्त सोलन एवं ज़िला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने भारी वर्षा के दृष्टिगत समस्त उपमण्डलाधिकारियों व अन्य सम्बन्धित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए है।
मनमोहन शर्मा ने ज़िला के सभी उपमण्डल, तहसील व दूर-दराज की उप तहसील में मानसून के दृष्टिगत 24X7 कंट्रोल रूम स्थापित करने व आपातकालीन स्थिति में निरंतर निरीक्षण, समन्वय व त्वरित प्रतिक्रिया टीम तैयार रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नदी, नालों व अन्य जल निकायों के पास बसी आबादी वाले क्षेत्रों का स्वयं जाकर निरीक्षण करें। यह सुनिश्चित बनाएं कि किसी भी श्रमिक आवास व अन्य स्थाई मकान नदी, नालों व अन्य जल निकायों के पास न बना हो। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर इन्हें आपातकालीन स्थिति में निकालने की तैयारी भी करना सुनिश्चित बनाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोकने के लिए नदी, नालों, जल निकायों, बाढ़ सम्भावित क्षेत्रों, भूस्खलन सम्भावित स्थलों व अन्य आपदा सम्भावित क्षेत्रों पर उचित बैरिकेड, सूचना-पट्ट व सतर्कता सूचना पट्ट लगाना सुनिश्चित बनाएं।
उपायुक्त ने कहा कि अधिकारी भारी वर्षा के दृष्टिगत स्थानीय निवासियों, दुकानदारों व पर्यटकों को समय पर चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटकों को नदी के किनारे, पुलों और अन्य संवेदनशील जलमग्न क्षेत्रों के पास न जाने के निर्देश देने को कहा।
मनमोहन शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौसम चेतावनी, सुरक्षा सलाहकारी व आपातकालीन आदेशों को आमजन तक पहुंचाने के लिए स्थानीय मीडिया, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व अन्य संचार माध्यमों का उपयोग करें ताकि लोगों तक शीघ्र सही जानकारी पहुंचाई जा सके।
उपायुक्त ने इस दौरान निर्देशों के प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित बनाने के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को पुलिस प्रशासन, पंचायती राज संस्थाओं, शहरी निकायों व सामुदायिक प्रतिनिधियों के साथ समन्वयन स्थापित करने के निर्देश दिए।
मनमोहन शर्मा ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग, राज्य उच्च मार्ग व अन्य मार्गों में सिंगकिंग जोन, भूस्खलन सम्भावित क्षेत्र, क्षतिग्रस्त मार्ग व अन्य संवेदनशील क्षेत्रों का समय-समय पर निरीक्षण करना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर क्षतिग्रस्त व आपदा सम्भावित स्थलों पर उचित बैरिकेड व सतर्कता सूचना पट्ट लगाने के निर्देश दिए ताकि लोगों को आवाजाही में कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त ने मानसून सीजन के दौरान सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को अनावश्यक स्टेशन लीव पर न जाने के निर्देश दिए ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में पर्याप्त स्टॉफ उपलब्ध रहे।
उन्होंने सभी से आग्रह किया कि आपदा सम्भावित व संवेदनशील क्षेत्रों में भारी वर्षा, बाढ़, भूस्खलन, अवरुद्ध सड़कें, अधोसंरचना नुकसान व अन्य किसी भी प्रकार के नुकसान की सूचना ज़िला आपातकालीन संचालन केन्द्र सोलन में देना सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: