दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में मनाया गया मानसून उत्सव

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कंडाघाट ) 22 जुलाई। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, कंडाघाट में मानसून के आगमन के अवसर पर बाल मानसून उत्सव का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपाली साहा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में कनिष्ठ विभाग के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर सभी विद्यार्थी रंग-बिरंगी और आकर्षक पोशाकों में सजकर विद्यालय पहुंचे। छोटे बच्चे रंग-बिरंगी छतरियां लेकर आए, जिससे विद्यालय परिसर में मानसून उत्सव का मनमोहक वातावरण देखने को मिला। विद्यार्थियों ने मानसून आधारित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेते हुए सुंदर कागज की नावें बनाईं और बरसाती मेंढक भी तैयार किए। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और प्रकृति के प्रति अपनी रुचि का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री डी.आर. गुप्ता तथा समिति के सदस्य श्री प्रमोद कुमार और श्री मुकेश कुमार ने विद्यार्थियों को मानसून उत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों की रचनात्मक गतिविधियों की सराहना करते हुए उन्हें इसी प्रकार उत्साह और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपाली साहा ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें प्रकृति और पर्यावरण से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।


