डीसी गंधर्वा राठौड़ ने सुजानपुर की कई पंचायतों में लिया विकास कार्यों का जायजा

एनआरएलएम के अंतर्गत संचालित ‘हिम ईरा’ फूड वैन का भी किया निरीक्षण

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सुजानपुर/हमीरपुर) 22 जुलाई। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बुधवार को विकास खंड सुजानपुर की पंचायतों चबूतरा, बनाल, बढेई, दाड़ला और धमड़ियाना का दौरा करके इन पंचायतों में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की प्रगति का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने पंचायत जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से संवाद करके उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और सभी कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मनरेगा, 15वें वित्त आयोग एवं अन्य योजनाओं के तहत चल रहे कार्यों की नियमित रूप से मॉनीटरिंग की जाए, ताकि ये कार्य तय समय में पूरे हो सकें।
उपायुक्त ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित ‘हिम ईरा’ फूड वैन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टोर में रखे खाद्य सामग्री के स्टॉक, रख-रखाव और वितरण प्रक्रिया का अवलोकन किया। फूड बैंक में उपलब्ध वस्तुओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई और अभिलेखों की जांच भी की गई।
गंधर्वा राठौड़ ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्य की सराहना की और कहा कि एनआरएलएम के माध्यम से महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि जरुरतमंद परिवारों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध करवाकर समाज सेवा का भी काम कर रही हैं। उन्होंने फूड बैंक में उत्पादों की विविधता बढ़ाने और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त विकास एवं खंड विकास अधिकारी तानिया कश्यप, कनिष्ठ अभियंता सुनील कुमार, तकनीकी सहायक, पंचायत सचिव एवं अन्य विभागीय अधिकारी तथा स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: