विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सोलन ) 4 अगस्त। विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन द्वारा आज क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के मातृत्व वार्ड में स्तनपान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने दी।
डॉ. अजय पाठक ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती एवं धातृ माताओं, उनके परिजनों तथा आमजन को शिशु के समुचित पोषण एवं स्वास्थ्य के लिए स्तनपान के महत्व से अवगत कराना था।
उन्होंने कहा कि जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान प्रारम्भ करना तथा शिशु को पहले छह माह तक केवल मां का दूध देना उसके स्वस्थ विकास, रोग प्रतिरोधक क्षमता और मानसिक वृद्धि के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मां का पहला गाढ़ा पीला दूध (कोलोस्ट्रम) शिशु के लिए प्रथम टीके के समान कार्य करता है और अनेक गंभीर संक्रमणों से सुरक्षा प्रदान करता है।
कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश पंवार, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. धर्मेन्द्र एवं डॉ. राजू कटोच ने भी उपस्थित माताओं एवं उनके परिजनों को स्तनपान की सही तकनीक, नवजात की देखभाल तथा छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
 उन्होंने कहा कि नियमित स्तनपान से शिशु में कुपोषण, दस्त एवं निमोनिया जैसी बीमारियों का खतरा कम होता है, वहीं माताओं में प्रसवोत्तर स्वास्थ्य लाभ तेजी से होता है तथा स्तन एवं अंडाशय के कैंसर का जोखिम भी कम हो सकता है।
कार्यक्रम में विभाग के चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टॉफ ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: