ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अगस्त माह के दौरान राष्ट्रीय सांख्यिकीय सर्वेक्षणों का होगा संचालन
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (मंडी ) 04 अगस्त। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्रीय संकार्य प्रभाग), उप क्षेत्रीय कार्यालय, मंडी द्वारा अगस्त, 2026 के दौरान मंडी, कुल्लू एवं लाहौल-स्पिति जिलों के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विभिन्न राष्ट्रीय सांख्यिकीय सर्वेक्षण संचालित किए जाएंगे। इन सर्वेक्षणों का उद्देश्य देश की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति से संबंधित विश्वसनीय सांख्यिकीय आँकड़े एकत्रित करना है, जिनका उपयोग सरकार द्वारा साक्ष्य-आधारित नीति-निर्माण तथा जन-कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए किया जाता है।
विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि अगस्त माह के दौरान संचालित किए जाने वाले प्रमुख सर्वेक्षणों में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (PLFS), असंगठित क्षेत्र उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण (ASUSE), राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण (NHIS), प्रवासन सर्वेक्षण (Migration Survey), अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण (AIDIS), कृषि परिवारों की स्थिति आकलन सर्वेक्षण (SAS) तथा मूल्य सर्वेक्षण (Price Survey) शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि अगस्त माह के दौरान जिन प्रतिदर्शों (नमूना क्षेत्रों) में सर्वेक्षण किए जाएंगे, उनमें जिला मण्डी के ग्रामीण क्षेत्र केलोधार, नौहली गोकलुरी, जयदेवी, पुतली फाल्ड, राहणु, मेहरन, लरहास, मण्याणा, अनोग, बतारी बिहुन, ढंढाल, उप मुहाल बाहनु, मरयूनी, तुंगाधार, महादेव, साई एवं शाकरा और जिला मण्डी के शहरी क्षेत्र सुन्दरनगर, नेरचौक एवं सरकाघाट शामिल हैं। इसके अलावा जिला कुल्लू के ग्रामीण क्षेत्र रोट-2, मुहाल बारी, शिल्ली बागी, शिल्लिहार, पीज, खराल, कनोन एवं मणिकर्ण तथा जिला कुल्लू के शहरी क्षेत्र कुल्लू, निरमंड एवं मनाली और जिला लाहौल एवं स्पिति के ग्रामीण क्षेत्र पागमो खास शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इन सर्वेक्षणों के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के कनिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी, सर्वे पर्यवेक्षक एवं सर्वे प्रगणक चयनित ग्रामीण एवं शहरी परिवारों तथा प्रतिष्ठानों से निर्धारित प्रश्नावलियों के माध्यम से जानकारी एकत्रित करेंगे। सर्वेक्षण कार्य के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी विभाग द्वारा जारी अधिकृत पहचान-पत्र साथ रखेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर उसे नागरिकों को प्रदर्शित करेंगे।
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्रीय संकार्य प्रभाग), उप क्षेत्रीय कार्यालय, मंडी के सहायक निदेशक अमित कुमार ने नागरिकों से अपील की है कि वे सर्वेक्षण दल को सही, पूर्ण एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध करवाकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने बताया कि नागरिकों द्वारा उपलब्ध करवाई गई सभी सूचनाएँ पूर्णतः गोपनीय रखी जाती हैं तथा उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है। किसी भी व्यक्ति, परिवार अथवा प्रतिष्ठान से प्राप्त जानकारी किसी अन्य विभाग, संस्था या व्यक्ति के साथ साझा नहीं की जाती।
उन्होंने सभी नागरिकों से अनुरोध किया कि जब सर्वेक्षण दल उनके घर अथवा प्रतिष्ठान पर पहुँचे, तो वे उनका पूर्ण सहयोग करें तथा सही एवं विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध करवाएँ, जिससे देश के विकास, साक्ष्य-आधारित नीति-निर्माण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गुणवत्तापूर्ण सांख्यिकीय आँकड़े उपलब्ध करवाए जा सकें।


