डीडब्ल्यूपीएस कंडाघाट में स्वतंत्रता दिवस समारोह में देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भव्य आयोजन

डीडब्ल्यूपीएस कंडाघाट में स्वतंत्रता दिवस समारोह में देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भव्य आयोजन

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कंडाघाट ) 15 अगस्त। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल (DWPS) कंडाघाट में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, भारतीय संस्कृति और सामाजिक जागरूकता से ओत-प्रोत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी.आर. गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जबकि विशिष्ट अतिथि समिति सदस्य प्रमोद कुमार एवं मुकेश कुमार और स्कूल प्रधानाचार्या रूपाली साहा रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी.आर. गुप्ता द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा विद्यार्थियों के मार्चपास्ट से हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान के साथ देश के प्रति सम्मान और गौरव की भावना व्यक्त की।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत प्री-प्राइमरी के नन्हे विद्यार्थियों के देशभक्ति समूहगान से हुई, जिसने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इसके बाद ‘नारी सशक्तिकरण’ विषय पर कक्षा IX और X के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत प्रभावशाली लघु नाटिका ने दर्शकों को सामाजिक जागरूकता के साथ-साथ स्वतंत्रता संग्राम में महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान का संदेश दिया।

कार्यक्रम में रुद्रिका ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। कक्षा III से V के विद्यार्थियों ने मनमोहक देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कक्षा I और II के अन्वित ठाकुर एवं राहिनी शर्मा ने शानदार चरित्र-चित्रण के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कक्षा XI और XII के विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए गए डांस ड्रामा के माध्यम से देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावनाओं को मंच पर जीवंत कर दिया। वहीं आत्रेयी दास एवं आध्या सिंह ठाकुर ने ‘मदर इंडिया को पत्र’ के माध्यम से मातृभूमि के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता की भावनाओं को भावपूर्ण ढंग से अभिव्यक्त किया।

नर्सरी के नन्हे कलाकारों तथा LKG और UKG के विद्यार्थियों की मनमोहक समूह नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। छोटे बच्चों से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं तक के विद्यार्थियों ने अपनी विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रीय गौरव, देशभक्ति और भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी.आर. गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की स्वतंत्रता अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से प्रेरणा लेते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

स्कूल प्रधानाचार्या रूपाली साहा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता प्रत्येक भारतीय के लिए अमूल्य उपहार है, जिसे असंख्य वीरों के संघर्ष और बलिदान के बाद प्राप्त किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता के महत्व को समझने, देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

समारोह का समापन राष्ट्रप्रेम, उत्साह और गर्व की भावनाओं के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम ने विद्यार्थियों की प्रतिभा के साथ-साथ उनमें देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना को भी प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: