नुक्कड़ नाटक और गीत-संगीत के माध्यम से भी दिया जाएगा चिट्टा मुक्त हमीरपुर का संदेश
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (हमीरपुर )24 अगस्त। प्रदेश सरकार के चिट्टा मुक्त अभियान के तहत 27 अगस्त को हमीरपुर में एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन की विशेष पहल के तहत 27 अगस्त को शाम करीब 4 बजे हमीरपुर शहर के गांधी चौक पर आरंभ होने वाले इस कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष तक के युवाओं के अलावा सरकारी अधिकारी-कर्मचारी और शहर की विभिन्न संस्थाओं के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में भाग लेंगे। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने सोमवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा शहर के शिक्षण संस्थानों के अधिकारियों के साथ बैठक करके इस कार्यक्रम की रूपरेखा तय की।
उन्होंने बताया कि गांधी चौक पर गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक के साथ यह कार्यक्रम शुरू होगा, जिसमें स्थानीय लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरुक करेंगे। इसके बाद विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी और अन्य युवा गांधी चौक से स्कूल मैदान तक एक जागरुकता रैली निकालेंगे। स्कूल मैदान में सभी लोगों को नशे का विरोध करने की शपथ भी दिलाई जाएगी।
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, माई युवा भारत केंद्र, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और अन्य विभागों के अधिकारियों को इस जागरुकता कार्यक्रम एवं रैली में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या को पूरी तरह खत्म करने के लिए आम लोगों, विशेषकर युवाओं में जागरुकता और इसके विरुद्ध प्रत्येक नागरिक का सक्रिय योगदान बहुत जरूरी है। इसी के मद्देनजर 27 अगस्त को यह जागरुकता कार्यक्रम एवं रैली आयोजित की जा रही है।
बैठक में एसपी बलवीर सिंह, एडीसी अभिषेक गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री, जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा और अन्य अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।


