सहकारी सभाओं के हितों की रक्षा करेगी प्रदेश सरकार: सुनील शर्मा बिट्टू
भारतीय रिजर्व बैंक और केंद्र सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाए जाएंगे सभी मुद्दे
हिमकोफैड ने बचत भवन में आयोजित किया जिला स्तरीय सहकारी सम्मेलन
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (हमीरपुर) 25 अगस्त। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विकास संघ (हिमकोफैड) ने मंगलवार को यहां बचत भवन में जिला स्तरीय सहकारी सम्मेलन आयोजित किया, जिसमें मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर जिले भर की सहकारी सभाओं के प्रबंधक मंडल के सदस्यों, सचिवों, हिमकोफैड के पदाधिकारियों और सहकारिता विभाग के अधिकारियों को संबोधित करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि सहकारी सभाएं ग्रामीण क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर कार्य करती हैं और ये सभाएं प्रत्यक्ष रूप से आम लोगों से जुड़ी होती हैं। ये सभाएं अरबों रुपये का कारोबार कर रही हैं। इसलिए, इनकी समस्याओं का समाधान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पौने चार वर्ष के कार्यकाल में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कई बड़े निर्णय लिए हैं। सहकारी सभाओं के हितों की रक्षा के लिए भी वह आवश्यक कदम उठा रहे हैं।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि सहकारी सभाओं को बैंकों से अधिक ब्याज दिलवाने तथा इससे संबंधित मुद्दों को भारतीय रिजर्व बैंक के समक्ष रखने, एचआर पॉलिसी और कंप्यूटरीकरण को लेकर केंद्र सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना से संबंधित सभी मुद्दों को प्रदेश सरकार प्रमुखता से उठाएगी, ताकि सहकारी सभाओं के हितों की रक्षा की जा सके। उन्होंने कहा कि सहकारी सभाओं के कर्मचारियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था हमीरपुर में ही करवाने का मामला भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जिला हमीरपुर को मेडिकल कालेज, डेंटल कालेज, नर्सिंग कालेज, प्रदेश का पहला अलाइड हेल्थ कालेज, डेडिकेटड साइंस कालेज और आयुर्वेदिक एम्स जैसे बड़े संस्थान मंजूर किए हैं। प्रदेश का सबसे बड़ा बस अड्डा भी हमीरपुर में बना रहे हैं। इनके अलावा हमीरपुर में कई अन्य विकासात्मक परियोजनाओं के कार्य भी चल रहे हैं। यह प्रत्येक हमीरपुरवासी के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर सहायक पंजीयक रवि कुमार ने जिला की सहकारी सभाओं की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्हांेने बताया कि जिला में इस 368 सहकारी सभाएं संचालित की जा रही हैं, जिनके सदस्यों की संख्या दो लाख से भी अधिक है। जिला सहकारी विकास संघ के अध्यक्ष यशवीर पटियाल, हिमकोफैड के पूर्व सदस्य आरसी डोगरा, हिमकोफैड के अधिकारी गौरव कुमार और अशोक शर्मा, सहकारी सभा कर्मचारी संघ के जिला महासचिव अशोक कुमार ने भी अपने विचार एवं सुझाव रखे। हिमकोफैड के बीओडी मैंबर राजेश ठाकुर और संतोष शर्मा ने मुख्य अतिथि तथा अन्य अतिथियों का स्वागत किया। सम्मेलन में एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, हिमकोफैड के अधिकारी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश आनंद, मनोज शर्मा, प्रवेश ठाकुर और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

