राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा एवं नेत्र देखभाल पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा एवं नेत्र देखभाल पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सोलन ) 26 अगस्त।स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन द्वारा राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा के तहत एम.आर.ए.डी.ए.वी. वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सोलन में गत दिवस नेत्रदान एवं नेत्र देखभाल के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में नेत्र विशेषज्ञ डॉ. सीमा नेगी ने विद्यार्थियों को नेत्रों की देखभाल एवं नेत्रदान के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पढ़ते समय पुस्तक एवं आंखों के बीच उचित दूरी बनाए रखना तथा मोबाइल, लैपटॉप एवं कंप्यूटर जैसे गैजेट्स का उपयोग करते समय भी पर्याप्त दूरी रखना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को 20-20-20 नियम के बारे में भी अवगत करवाया। इसके अनुसार हर 20 मिनट बाद 20 सेकंड के लिए लगभग 20 फीट दूर किसी वस्तु को देखना चाहिए।
उन्होंने आंखों के स्वास्थ्य के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, अत्यधिक स्क्रीन टाइम से बचने तथा पटाखे चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को आंखों को बार-बार रगड़ने से बचने, धूल-धुएं और तेज रोशनी से आंखों की सुरक्षा करने तथा किसी भी प्रकार की जलन, लालिमा, दर्द या दृष्टि में कमी होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से परामर्श लेने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पर्याप्त नींद लेना, स्वच्छता का ध्यान रखना और नियमित रूप से आंखों की जांच करवाना नेत्र स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
डॉ. सीमा नेगी ने कहा कि नेत्रदान से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को दृष्टि प्रदान करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने सभी से स्वेच्छा से नेत्रदान करने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: