डीसी बिलासपुर ने एसएए केंद्र और वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर ) 27 अगस्त। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने आज विशिष्ट दत्तक ग्रहण एजेंसी केंद्र, शिशु गृह तथा वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं और सेवाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उन्होंने बताया कि बिलासपुर में विशिष्ट दत्तक ग्रहण एजेंसी केंद्र हाल ही में शुरू हुआ है। केंद्र के शुरू होने से जिले में अनाथ, परित्यक्त एवं आत्मसमर्पित बच्चों के लिए सुरक्षित आश्रय, संरक्षण एवं समुचित देखभाल की सुविधा उपलब्ध होगी। वर्तमान में केंद्र में कोई बच्चा नहीं है, लेकिन आगामी समय में आवश्यकता के अनुसार बच्चों को यहां रखा जाएगा। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत बच्चों के पुनर्वास और दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया भी इसी केंद्र के माध्यम से संचालित की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि केंद्र में बच्चों की देखभाल एवं संरक्षण के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
इसके पश्चात् उपायुक्त ने वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर घरेलू हिंसा और अन्य हिंसा से प्रभावित महिलाओं को प्रदान की जा रही विभिन्न सेवाओं की जानकारी ली। केंद्र में 24 दिसंबर 2018 से 27 अगस्त 2026 तक कुल 700 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 700 मामलों में परामर्श, 375 में पुलिस सहायता, 377 में कानूनी सहायता एवं परामर्श, 70 में चिकित्सा सहायता, 154 में आश्रय सुविधा तथा 347 मामलों में महिला हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्रदान की गई।
विभाग द्वारा बताया गया कि वन स्टॉप सेंटर 24 घंटे सातों दिन संचालित होता है। हिंसा से प्रभावित महिला स्वयं केंद्र में पहुंच सकती है अथवा संबंधित विभाग या एजेंसी के माध्यम से उसे यहां लाया जा सकता है। आवश्यकता पड़ने पर महिला अपने बच्चों के साथ अधिकतम पांच दिन तक आश्रय सुविधा प्राप्त कर सकती है।
उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि एसएए केंद्र और वन स्टॉप सेंटर जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा, संरक्षण एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने के लिए महत्वपूर्ण संस्थान हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए तथा यहां आने वाले लोगों को संवेदनशील, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त रुपिंदर कौर, जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र कुमार, जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
‘तेरे मेरे सपने’: विवाह से पहले बेहतर समझ की पहल
राष्ट्रीय महिला आयोग की पहल ‘तेरे मेरे सपने’ के तहत विवाह से पहले युवाओं एवं भावी दंपतियों को निःशुल्क और गोपनीय प्री-मैरिटल काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। बिलासपुर में यह सुविधा वर्तमान में वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से उपलब्ध है।
इस पहल के तहत भावी दंपतियों को आपसी संवाद, मानसिक एवं भावनात्मक तैयारी, करियर, वित्तीय योजना, पारिवारिक संबंधों तथा वैवाहिक जीवन से जुड़ी अपेक्षाओं को लेकर मार्गदर्शन दिया जाता है। उपायुक्त राहुल कुमार ने युवाओं एवं भावी दंपतियों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।


