दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल कंडाघाट में राखी की धूम

विद्यार्थियों ने रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से मनाया राखी पर्व

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कंडाघाट ) 27 अगस्त। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल कंडाघाट में राखी पर्व की पूर्व संध्या पर उत्साह और उमंग से भरा कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत किया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपाली साहा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।


इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए राखी निर्माण, राखी सजावट एवं राखी कार्ड निर्माण सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। नन्हे विद्यार्थियों से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं तक सभी ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
नर्सरी एवं UKG के नन्हे-मुन्नों ने आकर्षक राखियां बनाकर अपनी प्रतिभा दिखाई। कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों ने दालों, चावल एवं अन्य अनाजों का रचनात्मक उपयोग करते हुए सुंदर राखियां सजाईं।

कक्षा 3 से 5 के विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे मोतियों और ऊन की सहायता से मनमोहक राखियां तैयार कीं। वहीं कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों ने सुंदर एवं आकर्षक राखी कार्ड बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। कक्षा 9 एवं 11 के विद्यार्थियों ने भी राखी निर्माण गतिविधि में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आकर्षक राखियां तैयार कीं।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या रूपाली साहा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति का एक अनूठा और भावनात्मक पर्व है, जिसमें बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुख, समृद्धि और सुरक्षा की कामना करती हैं, जबकि भाई अपनी बहनों की रक्षा और उनके सम्मान का संकल्प लेते हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें रचनात्मकता, सहयोग, संवेदनशीलता और सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास करते हैं।
प्रधानाचार्या ने सभी विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई रचनात्मक गतिविधियों की सराहना करते हुए उनके उत्साह और प्रतिभा की प्रशंसा की।


कार्यक्रम के अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी.आर. गुप्ता, समिति सदस्य श्री प्रमोद कुमार एवं मुकेश कुमार ने भी विद्यार्थियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनकी सुंदर प्रस्तुतियों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: