12 सितंबर को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कुल्लू ) 7 सितंबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण किन्नौर स्थित रिकांगपिओ के सचिव व वरिष्ठ सिविल जज एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने जानकारी दी कि 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत में अदालतों में लंबित विभिन्न दीवानी और समझौता योग्य आपराधिक मामलों का आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर निपटारा किया जाएगा। इसके अलावा अदालत में मामला दर्ज होने से पहले के विवादों को भी लोक अदालत में सुलझाने का अवसर मिलेगा।
इनमें बैंक ऋण वसूली, चेक बाउंस, श्रम विवाद, पानी एवं बिजली के बिल से संबंधित विवाद तथा अन्य समझौता योग्य मामले शामिल हैं। लोक अदालत के माध्यम से मामलों का त्वरित और आपसी सहमति से समाधान किया जा सकेगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आम जनता और वादकारियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने मामलों का आपसी समझौते के माध्यम से शीघ्र निपटारा करवाएं।
इच्छुक पक्षकार न्यायिक परिसर रामपुर बुशहर, रिकांगपिओ और आनी में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय के दूरभाष नंबर 01786-223605 पर संपर्क कर अपने मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करवाया जा सकता है।


