उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की समीक्षा बैठक आयोजित
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर ) 07 सितम्बर। उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, नशे के दुरुपयोग की रोकथाम, उपचार एवं पुनर्वास, जन जागरूकता तथा विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही विभिन्न कार्रवाइयों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के विरुद्ध गंभीरता के साथ कार्य कर रही है तथा जिला प्रशासन भी नशा तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ मिलकर समन्वित एवं सख्त कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए सरकार बहुआयामी रणनीति के तहत प्रभावी कदम उठा रही है।
बैठक में एनडीपीएस अधिनियम के मामलों में संलिप्त पाए गए 10 सरकारी कर्मचारियों के विरुद्ध की गई विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। उन्होंने इस संबंध में सभी विभागों को नियमानुसार समयबद्ध ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही वन एवं सरकारी भूमि में नशा तस्करी में संलिप्त लोगों द्वारा किये अवैध कब्जों के विरूद्ध संबंधित विभागीय अधिकारियों को एक माह के भीतर ठोस कार्रवाई करने के भी निर्देश दिये।
राहुल कुमार ने ग्राम पंचायतों तथा शिक्षण संस्थानों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने जिला स्तर के सभी अधिकारियों से स्कूल एडाॅप्शन कार्यक्रम के तहत युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के लिए नियमित जागरूकता कार्यक्रम, संवाद सत्र तथा सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने को भी कहा ताकि विद्यार्थियों को करियर कांउसलिंग के साथ-साथ नशे के दुष्प्रभावों बारे भी जागरूक बनाया जा सके। इसके अतिरिक्त जिला में पंचायत स्तर पर 27 नशा निवारण समितियों का भी गठन किया गया है, जिनकी नियमित बैठकें आयोजित करने तथा नशा उन्मूलन की दिशा में उठाए गए कदमों की जानकारी साझा करने तथा इनके माध्यम से व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रताप ठाकुर, एसडीएम राज कुमार, धर्मपाल, अर्शिया शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


