पेंशनरों की समस्याओं पर मंथन

पेंशनरों की समस्याओं पर मंथन

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कुल्लू ) 8 सितंबर ।

जिला मुख्यालय के डीआरडीए हॉल में मंगलवार को पेंशनर फेडरेशन की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक उपायुक्त एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) सुरजीत सिंह राठौर ने की। बैठक के दौरान पेंशनर फेडरेशन के पदाधिकारियों ने प्रशासन के समक्ष कई अहम मांगें व समस्याएं रखीं। इनमें कुल्लू शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, शहर में बढ़ती आवारा पशुओं व आवारा कुत्तों की समस्या पर अंकुश लगाने, पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने, सड़कों व फुटपाथों की मरम्मत व सुधार, तथा सरकारी एवं निजी अस्पतालों में वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर उपचार व सुविधाएं प्रदान करने जैसे विषय प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके अतिरिक्त फेडरेशन के सदस्यों ने क्षेत्र में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर भी गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की बैठक में सहायक आयुक्त डॉ. जयबंती ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत ठाकुर, अधिशाषी अभियंता बी एस नेगी, जिला पंचायत अधिकारी दयाराम ठाकुर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आकांक्षा शर्मा सहित पेंशनर फेडरेशन के पदाधिकारी, सदस्यगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।सुरजीत सिंह राठौर ने पेंशनर फेडरेशन द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को बेहद गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि पेंशनरों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल व समन्वय स्थापित कर मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए, ताकि पेंशनरों व वरिष्ठ नागरिकों को राहत मिल सके।


error: