दयोल में अंडर-19 छात्राओं की तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बैजनाथ/धर्मशाला ) 8 सितंबर ।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दयोल में आयोजित छात्राओं की अंडर-19 वर्ग की तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आज विधिवत समापन हुआ। समापन समारोह में बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता एवं उपविजेता टीमों तथा खिलाड़ियों को सम्मानित किया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन, आयोजकों एवं सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
विधायक किशोरी लाल ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद विद्यार्थी जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेलों से व्यक्ति न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं सुदृढ़ रहता है बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत बनता है। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता तथा टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि खेल मैदान में हार और जीत दोनों से सीखने का अवसर मिलता है तथा खिलाड़ियों में संघर्ष करने और विपरीत परिस्थितियों में आगे बढ़ने की भावना विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नशा समाज के समक्ष एक गंभीर चुनौती बनकर सामने आया है। युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में खेलकूद की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपना अधिक से अधिक समय रचनात्मक गतिविधियों, शिक्षा और खेलकूद में लगाएं तथा नशे से स्वयं भी दूर रहें और अपने साथियों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं एवं उचित मंच उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी दिशा में बैजनाथ में इनडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 5 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि इनडोर स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र के खिलाड़ियों को वर्षा एवं खराब मौसम के दौरान भी अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे विभिन्न खेलों में स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने तथा आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
तीन दिवसीय इस खेलकूद प्रतियोगिता में 25 विद्यालयों की 223 छात्रा खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, वालीबॉल, खो-खो, शतरंज तथा बैडमिंटन की विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लोहारडी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संसाल उपविजेता रहा। खो-खो में राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पपरोला विजेता तथा राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संसाल उपविजेता रहा।
इसी प्रकार वालीबॉल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जंडपुर ने विजेता का खिताब हासिल किया जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सलेहरा उपविजेता रहा। बैडमिंटन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चौबीन विजेता तथा राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पपरोला उपविजेता रहा। शतरंज प्रतियोगिता में राजकीय उच्च विद्यालय झिकली भेट्ठ विजेता तथा राजकीय उच्च विद्यालय पंजाला उपविजेता रहा।
मुख्यातिथि विधायक किशोरी लाल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना भी अपने आप में एक उपलब्धि है। विधायक किशोरी लाल ने समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को 11 हजार रुपए देने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर प्रधान दयोल अमित ठाकुर, प्रधान धरेड़ अशोक, उप प्रधान दयोल चमन ठाकुर, प्रधान फटाहर गीता देवी, जिला स्कूल खेल एसोसिएशन के एग्जीक्यूटिव मेंबर व प्रधानाचार्य संसाल मनोज उपाध्याय, जगत राम, हरि सिंह, मुंशीराम, उधोराम, सुभाष, चमन भट्ट, चंद्रा देवी, शकुंतला, संजीव कपूर सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अध्यापकगण तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


