डीपीएस दुर्गा पब्लिक स्कूल में क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य सम्मापन, भाजपा नेता डॉ. राजेश कश्यप ने बतौर मुख्यातिथि की शिरकत

सेंट ल्यूक्स स्कूल ने जीता फाइनल

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सोलन ) 8 सितंबर। डीपीएस दुर्गा पब्लिक स्कूल में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में सोलन के भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. राजेश कश्यप जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला डीपीएस दुर्गा पब्लिक स्कूल और सेंट ल्यूक्स स्कूल के बीच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए सेंट ल्यूक्स स्कूल ने जीत हासिल की।

समापन समारोह के दौरान मुख्यातिथि डॉ. राजेश कश्यप ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाना चाहिए। उन्होंने बच्चों से खेलों को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने तथा नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर भूपेंद्र जग्गी एवं वीनू भी विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों ही पुराने क्रिकेट खिलाड़ी रह चुके हैं और आज भी क्रिकेट एवं अन्य खेल गतिविधियों को अपना निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन प्रदान कर रहे हैं।

समारोह के दौरान खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।

डॉ. राजेश कश्यप ने कहा कि स्वस्थ युवा ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव हैं। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: