क्षेत्रीय अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर जोर
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (रिकांग पीओ ) 9 सितंबर।
रोगी कल्याण समिति, क्षेत्रीय अस्पताल रिकांग पीओ की गवर्निंग बॉडी की बैठक आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय रिकांग पीओ के सम्मेलन कक्ष में राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री एवं अध्यक्ष जिला रोगी कल्याण समिति श्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में रोगी कल्याण समिति के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने, अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने तथा मरीजों की सुविधा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में रोगी कल्याण समिति के वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के लेखा परीक्षण प्रतिवेदन को स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट, वर्तमान वित्तीय वर्ष में हुए व्यय को नियमित करने तथा रोगी कल्याण समिति के माध्यम से कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों एवं गैर-संचारी रोग कार्यक्रम के कर्मचारियों की सेवाओं के विस्तार सहित विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
बैठक में क्षेत्रीय अस्पताल में वेंटिलेटर तथा अन्य उच्च स्तरीय चिकित्सा उपकरणों के वार्षिक रखरखाव अनुबंध, चिकित्सा फिटनेस प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सेवाओं के लिए रोगी कल्याण समिति द्वारा निर्धारित उपयोगकर्ता शुल्क तथा जनऔषधि परियोजना के माध्यम से आपातकालीन जीवनरक्षक दवाइयों एवं सर्जिकल सामग्री की खरीद से संबंधित प्रस्ताव भी रखे गए।
बैठक में जानकारी दी गई कि रोगी कल्याण समिति के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 में 01 करोड़ 41 लाख रुपये तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 में 01 करोड़ 39 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए रोगी कल्याण समिति के समक्ष 01 करोड़ 68 लाख रुपये का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। अध्यक्ष ने प्रयोगशाला में उपयोग होने वाली सामग्री एवं अभिकर्मकों के मद में 10 लाख रुपये की कटौती करने के निर्देश दिए तथा शेष प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की।
बैठक में क्षेत्रीय अस्पताल में पूर्ण किए गए विभिन्न कार्यों की भी जानकारी दी गई। इनमें पुराने एवं नए भवन को जोड़ने से संबंधित कार्य, आईपी कैमरे स्थापित करना, मरीजों के लिए प्रतीक्षा क्षेत्र का निर्माण, संकेतक बोर्ड लगाना, विशेष वार्ड में लकड़ी की पैनलिंग तथा क्रिटिकल केयर ब्लॉक के निर्माण के लिए ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों एवं खंभों को स्थानांतरित करना शामिल है।
इसके अलावा क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण, प्रयोगशाला को जिला एकीकृत सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयोगशाला के रूप में उन्नत करना, ऑपरेशन थियेटर की मरम्मत एवं रखरखाव, अस्पताल भवन की मरम्मत एवं रखरखाव तथा सफेदी, मॉड्यूलर रसोई का निर्माण और जैव चिकित्सा अपशिष्ट क्षेत्र तथा मुख्य द्वार पर फेंसिंग से संबंधित कार्य प्रगति पर होने की जानकारी दी गई।
बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए उपलब्ध बजट के आधार पर विभिन्न आवश्यकताओं एवं प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। इनमें पीएसए प्लांट के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर फिलिंग बूस्टर, ब्लॉक ए एवं बी की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना, मरीजों के लिए पार्किंग क्षेत्र, ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए शेड, शवगृह एवं जैव चिकित्सा अपशिष्ट क्षेत्र के बाहर टाइलिंग कार्य तथा पंजीकरण काउंटर के जीर्णोद्धार से संबंधित प्रस्ताव शामिल हैं। ऑक्सीजन सिलेंडर फिलिंग बूस्टर के लिए कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत वित्त पोषण की संभावना पर भी चर्चा की गई।
श्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मरीजों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाना चाहिए, ताकि आधी बीमारी सौहार्दपूर्ण व्यवहार से ही ठीक हो जाए।
उन्होंने कहा कि रोगी कल्याण समिति के माध्यम से अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं को और सुदृढ़ करने तथा आवश्यकताओं के अनुरूप संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। बैठक के उपरांत जगत सिंह नेगी ने क्षेत्रीय अस्पताल का निरीक्षण भी किया तथा अस्पताल के विभिन्न वार्डों, उपचार सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की नियमित समीक्षा करने तथा अस्पताल में स्वच्छता, पेयजल, बैठने एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सुधार कार्य समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में उपायुक्त किन्नौर डॉ अमित कुमार शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ पुष्प राज ठाकुर, चिकित्सा अधिकारी डॉ सुधीर, आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ प्रवीण शर्मा, गैर सरकारी सदस्यों में ग्राम पंचायत प्रधान शुदारंग कुलवंत नेगी, ग्राम पंचायत प्रधान कोठी महेश नेगी, पूर्व जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी सहित समिति के अन्य सरकारी एवं गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।


